)
Bangladesh Congratulates Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बंपर जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में सरकार बनाई. एक तरफ विपक्ष BJP की जीत पर सवाल खड़े कर रहा है. आरोप प्रत्यारोप के बीच शनिवार (9 मई) को सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.
बीजेपी की जीत के बाद कई देश लगातार उन्हें मुबारकबाद दे रहे हैं. इसी कड़ी में बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने और सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश की सत्तारूढ़ अवामी लीग ने भी जीत और नई जिम्मेदारी के लिए मुबारकबाद दी है.
बांग्लादेश की अवामी लीग ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली जीत सुवेंदु अधिकारी के मजबूत नेतृत्व की बड़ी पहचान है. अवामी लीग की सेंट्रल वर्किंग कमेटी की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि पश्चिम बंगाल की अवाम ने सुवेंदु अधिकारी पर भरोसा जताकर उन्हें ऐतिहासिक जनादेश दिया है.
अवामी लीग ने अपने बयान में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों का भी जिक्र किया. पार्टी ने कहा कि बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के बीच इतिहास, भाषा और संस्कृति का गहरा रिश्ता रहा है. बयान में उम्मीद जताई गई कि पश्चिम बंगाल में शुरू हुआ यह नया सियासी दौर दोनों पक्षों के रिश्तों को और मजबूत करेगा.
बयान में यह भी कहा गया कि भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से दोस्ती और सहयोग का रिश्ता रहा है. अवामी लीग के मुताबिक पश्चिम बंगाल की नई सरकार के कार्यकाल में दोनों देशों के बीच आपसी विकास और सहयोग की रफ्तार और तेज होने की संभावना है.
अवामी लीग ने सुवेंदु अधिकारी और उनके मंत्रिमंडल को शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और कामयाबी की कामना की. साथ ही पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की भी दुआ की गई.
बता दें, आज यानी शनिवार (9 मई) को सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्य के इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल की सत्ता संभाली है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.
इसके अलावा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी समारोह में शामिल हुए.
भारतीय जनता पार्टी ने साल 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 15 सालों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 80 सीटों पर सिमट कर रह गई. सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में दो सबसे चर्चित सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम से जीत हासिल की.