Bangladesh News: बांग्लादेश अवैध तौर पर रह रहे भारतीयों को निकालने का प्लान बना रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार भारतीय अधिकारियों के राबते में हैं. पूरी खबर पढ़ने के लिए स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Bangladesh News: बांग्लादेश सरकार ने साफ किया है कि उसके देश में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को कानूनी प्रक्रिया और राजनयिक जरिए से भारत वापस भेजा जाएगा. यह बयान बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी ने शनिवार को सतखीरा जिले में तीसरी अस्थायी सीमा चौकी (बीओपी) के उद्घाटन के मौके पर दियागै.
बांग्लादेश की स्थानीय न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चौधरी ने कहा कि बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करता है और भारत की तरह दबाव बनाने की बजाय, कूटनीति के जरिए समस्याओं के समाधान में यकीन रखता है.
उन्होंने कहा कि इस मामले पर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने पहले ही भारत सरकार को पत्र लिखा है. वहीं, विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के प्रतिनिधि खलीलुर रहमान भारत के संबंधित अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं.
चौधरी ने कहा, "अगर कोई भारतीय नागरिक बिना वैध इजाजत के बांग्लादेश में रह रहा है तो उसे हम कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वापस भारत भेजेंगे. उसी तरह अगर कोई बांग्लादेशी नागरिक भारत में अवैध रूप से रह रहा है तो हम चाहते हैं कि भारत भी उसे औपचारिक प्रक्रिया के जरिए वापस भेजे."
हालिया घटना का दिया हवाला
इसके अलावा, चौधरी ने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत की की तरफ से ब्राह्मणबरिया सीमा पर कुछ लोगों को जबरन बांग्लादेश में घुसाने की कोशिश की गई, जिसे बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB), अंसार फोर्स और स्थानीय लोगों की मदद से नाकाम कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय लोग सतर्क और संगठित रहें, तो इस तरह की घुसपैठ की कोशिशों को रोका जा सकता है.
गौरतलब है कि बांग्लादेश का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब भारत सरकार देश में रह रहे अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया तेज़ कर चुकी है. दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अवैध प्रवासियों को पकड़ने और कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस भेजने का काम शुरू किया है.