)
New York Mayor Election 2025: न्यूयॉर्क मेयर पद के चुनाव को लेकर अमेरिकी सियासत चरम पर है. डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से मेयर पद के उम्मीदवार के लिए चयनित होने पर जोहरान ममदानी का दक्षिणपंती संगठन और यहूदी लॉबी विरोध कर रही है. वहीं, दूसरी तरफ अमेरिका के सियासी जानकार जोहरान ममदानी का पलड़ा भारी मानते हैं.
अब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने न्यूयॉर्क मेयर पद के उम्मीदवार जोहरान ममदानी को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है. बताया जा रहा है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी को फोन कर उनसे बातचीत की और उन्हें पुरजोर समर्थन और सहयोग की आश्वासन दिया. इससे ममदानी का पलड़ा और भारी हो गया है.
मीडिया में छपी रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान बराक ओबामा ने जोहरान ममदानी की उम्मीदवारी की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि अगर ममदानी चुनाव जीतते हैं, तो वे उनके साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे और उन्हें हर मुमकिन मदद देंगे. बराक ओबामा के समर्थन के ऐलान से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को झटका लगा है. डोनाल्ड ट्रंप जोहरान ममदानी की मजहबी पहचान की वजह से लगातार विरोध करते रहे हैं.
दूसरी ओर 34 साल के जोहरान ममदानी ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के इस समर्थन पर खुशी का इजहार किया है. उन्होंने कहा कि वे इसके लिए बराक ओबामा के बहुत शुक्रगुजार हैं. उन्होंने कहा कि "असल मायने इस बात के हैं कि शहर में नई तरह की सियासी फिजा तैयार की जाए, इसमें लोगों को नई सोच और नई दिशा मिले."
जानकारी के मुताबिक, न्यूयॉर्क मेयर का चुनाव 14 नवंबर को होना है. इस चुनाव में जोहरान ममदानी का मुकाबला न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कूमो और रिपब्लिकन उम्मीदवार रईस सिल्वा से होने वाला है. चुनाव से पहले हुए तमाम सर्वे और अन्य रिपोर्टों के मुताबिक, जोहरान ममदानी की स्थिति काफी मजबूत बताई जा रही है और वे अपने दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए हुए हैं.
ममदानी के समर्थकों का कहना है कि ओबामा जैसे पूर्व राष्ट्रपति का समर्थन मिलने से उनकी उम्मीदवारी को बड़ा बल मिला है और इससे उनकी सियासी मुहिम को नई ताकत मिलेगी. वहीं लोकल सियासी हलकों में भी इस कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि बराक ओबामा का यह समर्थन न्यूयॉर्क के चुनावी समीकरणों पर असर डाल सकता है.