Imran Masood on Delhi Blast: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के एक बयान पर भारी बवाल मच रहा है. उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी डॉक्टर उमर को गुमराह नौजवान बताया था, जिसके बाद कई बीजेपी लीडरान ने उन पर हमला बोला है.
Trending Photos
)
Imran Masood on Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट केस में मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर मंगलवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया. मसूद ने उमर को गुमराह नौजवान कहा, जिसके बाद बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मसूद ने उमर उस नबी के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें वह आत्मघाती हमले का बचाव करता दिखाई दे रहा है. मसूद ने कहा कि ऐसे लोगों के शब्द इस्लाम की असली तस्वीर पेश नहीं करते.
इमरान मसूद ने कहा,"ये लोग गुमराह हैं. इन गुमराह लोगों के बोल इस्लाम की तस्वीर नहीं दिखा सकते. जो वीडियो आया है (उमर उन नबी का), मैं उससे बिल्कुल सहमत नहीं हूं. इस्लाम में किसी भी हाल में आत्महत्या जायज़ नहीं है. खुदकुशी करना और मासूमों को मारना इस्लाम का रास्ता नहीं है." उन्होंने आगे कहा कि इस्लाम हमें अपने देश से मोहब्बत करना सिखाता है, और ऐसे कृत्य देश के ख़िलाफ़ हैं.
मसूद ने आगे कहा कि हमारा मजहब हमें वतन से मोहब्बत सिखाता है. ऐसी बातें करना और ऐसे काम करना देश के ख़िलाफ़ है. इसका इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है. ये लोग गुमराह हैं और इनकी बातें इस्लाम की तस्वीर नहीं दिखाती हैं.
इमरान मसूद के इस बयान की बीजेपी नेताओं ने कड़ी आलोचना की है. बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि मसूद आतंकवाद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट का मास्टरमाइंड आत्मघाती हमले को सही ठहरा रहा है, और कांग्रेस के इमरान मसूद उसे गुमराह नौजवान बता रहे हैं, वोट बैंक नीति के कारण पूरा इकोसिस्टम आतंकियों के बचाव में लग जाता है. 'आतंकी बचाओ गैंग' फिर सक्रिय है. कांग्रेस का हाथ हमेशा आतंकियों के साथ रहा है."
उन्होंने कहा कि इस मामले में मेहबूबा मुफ़्ती, हुसैन दलवाई, अबू आज़मी, इमरान मसूद और अनुमा आचार्या जैसे लोग आतंकियों के बचाव में सामने आए हैं. बीजेपी नेता और यूपी के पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने कहा कि भारत में जो लोग आतंकी संगठन बनाते हैं, उन्हें गुमराह करने में कांग्रेस की बड़ी भूमिका रही है,
उन्होंने कहा,"कांग्रेस खुद भी गुमराह है, और उसने पढ़े-लिखे लोगों को भी गलत राह पर लगाया. जो कांग्रेस नेता ऐसे बयान दे रहे हैं और आतंकियों का बचाव करते दिख रहे हैं, उनसे जवाब मांगा जाना चाहिए."
बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने कहा कि कांग्रेस खुद दिशा-विहीन है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने साफ कहा है कि भारत में आतंकवाद के लिए ज़ीरो टॉलरेंस है. कांग्रेस नेताओं को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, इससे देश के युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है. बता दें, दिल्ली कार ब्लास्ट केस में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. पुलिस के मुताबिक, दो घायलों ने सोमवार को दम तोड़ा है.