)
Suvendu Adhikari Comment on Bangladesh Unrest: बांग्लादेश में एक हिंदू युवक दीपू दास को उग्र भीड़ ने ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद भारत में आक्रोश पैदा हो गया है. देश के कई राज्यों में प्रदर्शन किए गए और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का विरोध किया गया. इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने एक विवादित बयान दिया, जिससे बवाल खड़ा हो गया है.
भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने दीपू दास की मौत के मुद्दे पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत में हिंदू हित की सरकार है. उन्होंने कहा कि जैसे इजरायल ने गज़ा में किया, उसी प्रकार भारत के 100 करोड़ हिंदुओं को चाहिए कि वे बांग्लादेश को सबक सिखाएँ. याद रहे कि इजरायल ने लगभग दो वर्षों तक गज़ा में नरसंहार किया, हजारों छोटे-छोटे बच्चों की हत्या की.
यह चिंता करने वाली बात है कि भारत के नेता इजरायल जैसे नरसंहार करने वाले देश की नीति पर चलना चाह रहे हैं. क्या सुवेंदु अधिकारी यह चाहते हैं कि भारत भी बांग्लादेश में बच्चों, महिलाओं और बेकसूरों का कत्लेआम करे.
वहीं, सुवेंदू अधिकारी के विवादित बयान पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट किया. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी गज़ा की तरह मुसलमानों को सबक सिखाना चाहते हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस बयान को लेकर अभी तक सुवेंदु अधिकारी पर कोई FIR दर्ज नहीं हुई, UAPA लागू नहीं हुआ और उन्हें गिरफ्तार भी नहीं किया गया है.
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में मौजूद बांग्लादेश के दूतावास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. उनके साथ कई साधुओं ने भी प्रदर्शन किए. इस दौरान सुवेंदु अधिकारी और अन्य प्रदर्शनकारी साधु अपने गले में दीपू दास की फोटो वाला पोस्टर लटकाए हुए थे.