)
American Soldiers in Gaza: गज़ा में सीजफायर लागू होने के बाद गज़ा में 200 अमेरिकी सैनिकों की तैनाती करने की बात कही जा रही थी. इसी कड़ी में अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल कूपर ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका के सैनिक गज़ा में तैनात नहीं होंगे.
दरअसल, फिलिस्तीन की आजादी के लिए लड़ने वाले हथियारबंद संगठनों ने गज़ा में किसी भी विदेशी शासन और सैनिकों की तैनाती का विरोध किया था. गज़ा में जंग खत्म करने पर एक बयान में हमास, इस्लामिक जिहाद और पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ फिलिस्तीन ने गज़ा में किसी भी विदेशी शासन को स्वीकार करने से इनकार किया.
अमेरिकी सेना के सेट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल कूपर ने इजरायली सैन्य बेस का दौरा करने के बाद एक बड़ा बयान जारी किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गाजा पट्टी पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती नहीं होगी. कमांडर एडमिरल कूपर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात की पुष्टि की है.
एडमिरल ब्रैड कूपर ने शनिवार (11 अक्टूबर) को कहा कि उन्होंने गज़ा में संघर्ष के बाद के हालात पर चर्चा करने के लिए गज़ा का दौरा किया और स्पष्ट किया कि गज़ा में कोई अमेरिकी सैनिक तैनात नहीं किए जाएंगे.
एडमिरल ब्रैड कूपर ने एक्स पर लिखा कि वह सेंट्रल कमांड के नेतृत्व वाले नागरिक-सैन्य समन्वय केंद्र के निर्माण पर चर्चा करने के लिए गज़ा की यात्रा से अभी-अभी लौटे हैं, जो गज़ा में संघर्ष खत्म होने के बाद वहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना में सहायता करेगा.
भले ही कूपर ने गाजा की जमीन पर किसी भी 'अमेरिकी बूट्स के न होने' की बात कही है, फिर भी विभिन्न अमेरिकी मीडिया हाउस ने दावा किया है कि शांति योजना के तहत इजरायली बंधकों को वापस लाने और युद्धविराम की स्थिति पर निगरानी में मदद के लिए लगभग 200 अमेरिकी सैनिक इजरायल पहुंच गए हैं.
इजरायली मीडिया के मुताबिक अमेरिका के मध्य पूर्व मामलों के विशेष दूत विटकॉफ तेल अवीव स्थित होस्टेज स्क्वायर पर शाम को एक रैली को संबोधित करेंगे. इससे पहले अमेरिकी न्यूज़ चैनल 'फॉक्स न्यूज' ने अपनी एक रिपोर्ट में विटकॉफ और सेंटकॉम प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर को इजरायली आर्मी पोस्ट का दौरा करने की जानकारी दी थी.