)
Donald Trump Saudi Arabia Visit 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने तीन दिवसीय मिडिल ईस्ट के दौरे पर हैं और पहले पड़ाव पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं. सऊदी के रियाद एयपोर्ट पर ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत हुआ है. खुद सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने उनका स्वागत किया है. ट्रंप सऊदी अरब से कतर और संयुक्त अरब अमीरात भी जाएंगे. वहीं, व्हाइट हाउस ने ट्रंप के दौरे को मिडिल ईस्ट का ऐतिहासिक दौरा बताया है.
ट्रंप का यह दौरा गाजा में सीजफायर, सऊदी-इजरायल नॉर्मलाइजेशन टॉक्स और अमेरिका के लिए अरब देशों से बड़े निवेश को लेकर भी बहुत अहम है. खासतौर पर ट्रंप की नजर सऊदी अरब से 1 ट्रिलियन डॉलर के निवेश पर है, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिल सकती है. इसके अलावा ट्रंप के दौरे के दौरान मिडिल ईस्ट के सभी देशों से गाजा सीजफायर और इजरायल नॉर्मलाइजेशन टॉक्स पर बातचीत होगी.
दोनों नेताओं के बीच बैठक
इस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ एयरपोर्ट के एक बड़े हॉल में बैठक कर रहे हैं. ट्रंप प्रिंस मोहम्मद के ठीक बगल में बैठे हैं और दोनों के चारों तरफ उनके सीनियर अधिकारी मौजूद हैं. इस मीटिंग में अमेरिका के विदेश मामलों के अधिकारी मार्को रुबियो भी शामिल हैं, जो ट्रंप के बाईं ओर बैठे हैं. दोनों देशों के बीच निवेश, सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात को लेकर बातचीत चल रही है.

ईरान और इन मुद्दों पर होगी बातचीत
वहीं, मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का आज और कल का शेड्यूल काफी व्यस्त है. दोनों नेता निवेश और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर बात करेंगे. बातचीत में सीरिया, गाजा और ईरान जैसे बड़े मुद्दे शामिल रहेंगे. वहीं, मीडिाय रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब अमेरिका से सीरिया पर लगे बैन में नरमी की मांग कर रहा है. कल ट्रंप खाड़ी देशों (GCC) के नेताओं से मिलेंगे और गाजा जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
सऊदी में हो सकता है बड़ा निवेश
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप इस दौरे में सऊदी अरब से अमेरिकी इंडस्ट्री में 1 ट्रिलियन डॉलर का निवेश लाने की कोशिश कर रहे हैं. इससे पहले सऊदी क्राउन प्रिंस 600 बिलियन डॉलर का निवेश करने का वादा कर चुके हैं. अब माना जा रहा है कि इस दौरे में यह रकम और बढ़ सकती है.