)
Pakistan Minority Attack News: पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की स्थिति दयनीय है. वहां आए दिन मजहबी कट्टरपंथियों द्वारा अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमले किए जाते हैं. इसी कड़ी में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कोटरी में सांप्रदायिक आधार पर भेदभाव की एक परेशान करने वाली घटना सामने आई है, यहां हिंदू बागरी समुदाय के एक युवक पर स्थानीय ढाबे में खाना खाने पर बेरहमी से हमला किया गया.
पीड़ित युवक की पहचान दोलत बागरी के रूप में हुई है. दोलत बागरी दोपहर की खाना खाने के लिए सड़क किनारे एक ढाबे पर गया. ढ़ावे पर दोलत बागरी के साथ धर्म के आधार पर मारपीट की गई. ढाबे के मालिक और अन्य लोगों ने दोलत के हाथ-पैर रस्सी से बाँध दिए और बेरहमी से पीटाई की. साथ ही दोलत बागरी के जेब से 60,000 रुपये लूट लिए गए.
दोलत बागरी पर कट्टरपंथी भीड़ द्वारा हमला किया गया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में पीड़ित दोलत बागरी भीड़ से दया की गुहार लगा रहा है. हमले का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और न्याय की मांग उठने लगी. हंगामे के बाद, कोटड़ी पुलिस ने दोलत की शिकायत पर सात आरोपियों, फैयाज अली, अरशद अली, मोइन अली, शफी मुहम्मद, नियाज, दार मुहम्मद और इकराम के साथ-साथ होटल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया.
हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पुलिस की कार्रवाई में कमी और सिंध में अल्पसंख्यकों पर जारी उत्पीड़न को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा हो रही हैं.
गौरतलब है दोलत बागरी पर हमला होने के बाद सिंघ के जमशोरो के जिला एवं सत्र न्यायालय में एसएसपी और एसएचओ जमशोरो के खिलाफ कार्रवाई न करने के आरोप में एक याचिका दायर की गई थी. इस याचिका के दायर होने के बाद मजबूरन पुलिस को इस मामले में शिकायत दर्ज करनी पड़ी.