India Turkey Relations: भारत ने तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज की भारतीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी है. तुर्की का पाकिस्तान को समर्थन करना अब उसे भारी पड़ रहा है.
Trending Photos
)
India-Turkey Relations: पाकिस्तान को समर्थन देना तुर्की को महंगा पड़ रहा है. भारत सरकार एक के बाद एक तुर्की के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है. इसके साथ ही भारत के लोग भी तुर्की के प्रॉडक्ट्स से लेकर यात्रा तक का बॉयकॉट कर रहे हैं. इस बीच मोदी सरकार ने फिर बड़ा फैसला लेते हुए तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग फर्म सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज की भारतीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी है. इसका मतलब साफ है कि अब तुर्की को पाकिस्तान का समर्थन करना महंगा पड़ने वाला है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी है.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है, "बीसीएएस के महानिदेशक को प्रदत्त शक्ति के प्रयोग में, राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है."
मुंबई एयरपोर्ट कंपनी करती थी ये काम
तुर्की की यह कंपनी मुंबई एयरपोर्ट पर यात्री सेवाओं, लोड नियंत्रण, उड़ान संचालन, कार्गो और डाक सेवाओं, गोदामों और पुल संचालन सहित लगभग 70 फीसद जमीनी संचालन संभालती है. नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमें पूरे भारत से भारतीय हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं संचालित करने वाली तुर्की की कंपनी सेलेबी एनएएस एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाने के अनुरोध प्राप्त हुए हैं.
मंत्री ने क्या कहा?
मंत्री ने कहा, "इस मुद्दे की गंभीरता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के आह्वान को समझते हुए, हमने इन अनुरोधों का संज्ञान लिया है और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उक्त कंपनी की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी है. राष्ट्र की सुरक्षा और हितों को सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है."
पाकिस्तान ने तुर्की के राष्ट्रपति के दामाद की कंपनी द्वारा निर्मित ड्रोन से किया था हमला
साल 2008 में सेलेबी नाम की एक कंपनी ने भारत के विमानन (एयरपोर्ट सर्विस) सेक्टर में काम शुरू किया था. अब रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस कंपनी में तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन की बेटी सुमेये एर्दोगन की हिस्सेदारी यानी शेयर है. एर्दोगान की बेटी की शादी सेलकुक बेराकटार से हुई है. ये वहीं शख्स है, जिसकी कंपनी बेराकटार तुर्की में मिलिट्री ड्रोन (हथियारों वाले उड़ने वाले विमान) बनाती है. पाकिस्तान ने इन्हीं कंपनी के बनाए ड्रोन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया था.
देश में तुर्की के खिलाफ है आक्रोश
इससे पता चलता है कि पाकिस्तान को समर्थन सिर्फ तुर्की की राज्य नीति का मामला नहीं है, बल्कि इसमें एर्दोगन का अपना परिवार सीधे तौर पर शामिल है. हाल ही में हुए संघर्ष के दौरान तुर्की द्वारा पाकिस्तान को न केवल डिजिटल बल्कि सैन्य रूप से भी खुलेआम समर्थन दिए जाने पर देश में गुस्सा और आक्रोश बढ़ रहा है. इस बीच, भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने गुरुवार को कहा कि देश में 'तुर्की के बहिष्कार' के बढ़ते शोर के साथ, मध्य-पूर्व के इस देश को जल्द ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा और भारत से पर्यटन व्यवसाय का एक बड़ा हिस्सा खोना पड़ेगा.