)
India Aid to Afghanistan Earthquake Victims: अफगानिस्तान में 3 नवंबर की सुबह 6.3 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए. यह शक्तिशाली भूकंप उत्तरी अफगानिस्तान में आया था. इसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए. वहीं, आपदा की इस घड़ी में भारत ने अफगानिस्तान की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है.
भारत ने अफगानिस्तान में भूकंप प्रभावित लोगों के लिए मदद भेजी है. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि अफगान लोगों के प्रति अपने समर्थन की पुष्टि करते हुए, भारत ने भूकंप से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री की आपूर्ति की.
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि सोमवार दोपहर अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्तकी से फोन पर बात की और बल्ख, समांगन और बगलान प्रांतों में आए भूकंप में हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की. भूकंप प्रभावित समुदायों के लिए भारतीय राहत सामग्री आज सौंपी जा रही है. दवाओं की और आपूर्ति जल्द ही पहुंच जाएगी. अपनी यात्रा के बाद से हमारे द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की. भारत और अफगानिस्तान के बीच लोगों के बीच बेहतर होते संपर्कों का स्वागत किया. क्षेत्रीय स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान की सराहना की.
कहां था भूकंप का केंद्र
यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप लगभग 523,000 की आबादी वाले शहर मजार-ए-शरीफ के पास 28 किमी (17.4 मील) की गहराई पर आया. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है. वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के वीडियो, ढही हुई इमारतों और बिखरे हुए मलबे की तस्वीरें, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
साल 2023 में सबसे ज्यादा लोगों की हुई थी मौत
जीएफजेड जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के मुताबिक, इससे पहले 23 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र 10 किमी की उथली गहराई पर स्थित था, जिसका निर्देशांक 34.48 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.71 डिग्री पूर्वी देशांतर था. 2021 में सत्ता संभालने के बाद से, तालिबान सरकार को कई विनाशकारी भूकंपों का सामना करना पड़ा है. इनमें 2023 में ईरानी सीमा के पास पश्चिमी हेरात क्षेत्र में आया भूकंप भी शामिल है. 2023 के इस भूकंप में 1,500 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 63,000 से ज्यादा घर नष्ट हो गए.
इनपुट-आईएएनएस