)
India Pakistan News Today: बीते कुछ दिनों से भारत-पाकिस्तान के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए हैं, इसकी वजह सरहद पार सो हो रही आतंकी घटनाएं हैं. जिसके बाद भारत ने भी बड़े कदम उठाए हैं, इसके तहत सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया गया. वहीं, अब भारत ने पाक नाकाम साजिशों को भुलाकर बड़ा दिल दिखाया है.
दरअसल, पाकिस्तान में बढ़ती बाढ़ की आशंका ने वहां के पेचीदा सूरतेहाल को और गहरा दिया है. भारत से निकल कर सरहद पार जाने वाली नदियों में बाढ़ के खतरे को लेकर सरकार ने पाकिस्तान को पहली बार ऑपरेशन सिंदूर के बाद चेतावनी दी है, जिसमें एक तरफ मानवीय हताशा है तो दूसरी तरफ सियासी जद्दोजहद भी जारी है.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव की वजह से सिंधु जल संधि को निलंबित करने का आदेश दिया था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने पाकिस्तान से संपर्क किया है, जो इस बार बाढ़ के खतरे को लेकर है. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय उच्चायोग ने इस्लामाबाद को सूचित किया है कि जम्मू में तवी नदी में भारी बाढ़ आ सकती है, जिसका असर पाकिस्तान में भी बडे़ पैमाने पर हो सकता है. इसके बाद पाकिस्तानी प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है.
बता दें, इस समय मानसूनी सीजन में लगभग पूरा पाकिस्तान प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है. हालिया दिनों में भारी बारिश और बढ़ते जलस्तर से पाकिस्तान के कई शहरों और गांव बाढ़ जैसी संगीन परेशानी से जूझ रहा है. पंजाब प्रांत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और अगले 48 घंटों तक बारिश जारी रहने की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. इसके चलते बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 20,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
हिंदुस्तान में छपी खबर के मुताबिक, पंजाब आपातकालीन बचाव सेवा 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद ने बताया कि कसूर, ओकारा, पाकपट्टन, बहावलनगर और वेहारी के कई गांव बाढ़ में डूब गए हैं. ऐसे में बाढ़ प्रभावित लोगों को को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. विशेष रूप से सिंधु, चिनाब, रावी, सतलुज और झेलम नदियों के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा ज्यादा है.
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) ने चेतावनी दी है कि गंडासिंह वाला में सतलुज नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुकी है और अगले 48 घंटों तक स्थिति गंभीर बनी रह सकती है. मानसून की सक्रियता के चलते कई जिलों में आपातकालीन बचाव अभियान जारी है.