)
Pakistan Big Claim: पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद दुनिया भर से दबाव झेल रही पाकिस्तान सरकार ने अब भारत पर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं. पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्ला तारड़ ने दावा किया है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के अंदर पाकिस्तान के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन कर सकता है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, "पाकिस्तान के पास पक्की खुफिया जानकारी है कि भारत पहलगाम हमले में झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाकर पाकिस्तान पर हमला करने की योजना बना रहा है."
तारड़ ने आगे लिखा, "भारत का खुद को जज, जूरी और जल्लाद मानने वाला रवैया खतरनाक है और हम इसे पूरी तरह खारिज करते हैं. पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और इस पीड़ा को अच्छी तरह समझता है. हमने दुनिया भर में हर तरह के आतंकवाद की हमेशा निंदा की है. एक जिम्मेदार देश होने के नाते पाकिस्तान ने इस हमले की जांच के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच आयोग का प्रस्ताव दिया था, जिसे सराहा भी गया, लेकिन भारत ने बातचीत की बजाय टकराव का रास्ता चुना है, जिसका असर पूरे इलाके पर खतरनाक हो सकता है."
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी नेशनल असेंबली में कहा था कि पाकिस्तान के दबाव की वजह से पहलगाम हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के बयान से TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट), जो लश्कर का सहयोगी संगठन है, का नाम हटा दिया गया. यह एक बार फिर दिखाता है कि पाकिस्तान आतंकियों को परोक्ष समर्थन देता है।
इस बीच मंगलवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने युनाइटेड नेशन्स महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से फोन पर बात की है और पहलगाम हमले की स्वतंत्र जांच की मांग की है. उन्होंने X पर लिखा, "संयुक्त राष्ट्र महासचिव से बातचीत में मैंने आतंकवाद की निंदा की, भारत के झूठे आरोपों को खारिज किया और निष्पक्ष जांच की मांग की है. पाकिस्तान शांति का पक्षधर है, लेकिन अगर हमारी संप्रभुता पर हमला हुआ तो हम पूरी ताकत से उसका जवाब देंगे."