)
War on Gaza: गाजा में इजरायल की क्रूरता जगजाहिर है. दुनिया भर के देश गज़ावासियों के नरसंहार पर इजरायल की निंदा कर रहे हैं और कई देशों ने तो इजरायल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आह्वान किया है. इन सब के बीच इजरायल ने बीते सोमवार को गज़ा के नासिर अस्पताल पर हमला किया और 5 पत्रकारों समेत 20 लोगों की हत्या कर दी. इस घटना के बाद भारत ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.
गज़ा के खान यूनिस इलाके में मौजूद नासिर अस्पताल पर इजरायली हमले के बाद बुधवार (27 अगस्त) को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहली प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इजरायली हमले में पत्रकारों और आम नागरिकों की मौत को चौंकाने वाला और अत्यंत दुखद बताया है. उन्होंने एक बयान में कहा कि गज़ा में पत्रकारों की हत्या खेदजनक है.
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्तारणधीर जायसवाल ने आगे कहा कि भारत ने हमेशा से खूनी संघर्ष में नागरिकों की हत्या की निंदा की है. उन्होंने कहा कि हमें पता चला है कि नासिर अस्पताल पर हमले के बाद इजराइली अधिकारियों ने जाँच शुरू कर दी है.
बता दें कि सोमवार को नासिर अस्पताल पर हमले के बाद इजरायल को दुनिया भर से आलोचनाओं को झेलना पड़ रहा है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल ने नासिर अस्पताल पर पहले ड्रोन से अटैक किया, जिसके बाद बचावकर्मी और डॉक्टर वहां पहुंचे और घायलों को बचाने की कोशिश कर रहे थे. तभी इजरायल ने दूसरा हमला किया, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई.
इजरायल के प्रधानमंत्री ऑफिस ने एक बयान जारी कर इस हमले के लिए खेद व्यक्त की और कहा कि यह हमला जानबूझकर नहीं बल्कि, अनजाने में हुआ है. बयान में कहा गया कि इजरायली सेना के अधिकारी इस हमले की जांच करेंगे.
भारत में फिलिस्तीन के समर्थन में कुछ बुद्धिजीवी और मुस्लिम समाज के लोग प्रोटेस्ट कर रहे हैं. उनका कहना है कि पिछले दो सालों से गाजा में हो रहे नरसंहार को रोकने के लिए भारत ने कुछ खास कोशिश नहीं की.