)
Greater Israel: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में 'ग्रेटर इजरायल' बनाने की योजना का जिक्र किया था. इस योजना के तहत कई अरब देशों के बड़े क्षेत्र पर कब्जा कर ग्रेटर इजरायल नाम से एक देश बनाने की बात कही जाती है. इस बयान के बाद अरब मुल्कों के साथ ईरान ने भी विरोध व्यक्त किया. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर ने इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को 21वीं सदी का हिटलर बताया है.
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर ने नेतन्याहू के लिए बहुत ही तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे पहले कि ज्यादा देर हो जाए और इजरायल के जरिए अन्य जगहों को निशाना बनाया जाए, फिलिस्तीन के लिए तत्काल समर्थन की जरूरत है.
ईरानी संसद के स्पीकर का यह बयान तब सामने आया, जब 12 अगस्त को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने एक इजरायली मीडिया चैनल पर इंटरव्यू के दौरान 'ग्रेटर इजरायल' की योजना का जिक्र किया था. इस बयान के बाद शुक्रवार 15 अगस्त को ईरानी संसद के स्पीकर ने सोशल मीडिया एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में इस बयान की निंदा की और PM नेतन्याहू को हिटलर और पागल कुत्ता करार दिया.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ज़ायोनी सत्ता के अपराधी प्रधानमंत्री नेतन्याहू 21वीं सदी का हिटलर है, जो क्षेत्र के भविष्य के लिए जायोनी योजनाओं को पहेल ही स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने आगे चिंता जताते हुए लिखा कि इस पागल ज़ायोनी कुत्ते (नेतन्याहू) पर लगाम लगाने का वक्त निकलता जा रहा है.
इसके साथ ही ईरानी संसद के स्पीकर ने दुनिया भर के मुस्लिम नेताओं से एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने फिलिस्तीन की सुरक्षा और क्षेत्रीय खतरों को रोकने के लिए एक साथ मिलकर कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर दिया.
गौरतलब है कि इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की तरफ से ग्रेटर इजरायल वाली विवादित बयान पर अरब के कई मुल्कों ने आक्रोश व्यक्त की थी. इन मुल्कों ने नेतन्याहू के इस बयान को क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा बताया था.