)
Iran: ईरान और इजराइल के बीच हुए खूनखराबे वाली जंग को सिर्फ दो महीने ही हुए हैं, लेकिन ईरान ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन शुरू कर दिया है. इस बार ईरान ने उत्तरी हिंद महासागर और ओमान सागर में बड़े पैमाने पर मिसाइल कैंपेन शुरू किया है. ईरान का सीधे तौर पर कहना है कि वह किसी भी दुश्मन से पूरी तरह से भिड़ने के लिए तैयार है.
ईरान के एक स्थानीय मीडिया चैनल के मुताबिक, ईरान का यह दो दिवसीय अभ्यास गुरुवार से शुरू हुआ है. इसमें मिसाइल टेस्टिंग, ड्रोन ऑपरेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की एक्टिविटीज शामिल थीं. इसका मकसद यह दिखाना है कि तेहरान किसी भी नए टकराव के लिए तैयार है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की नौसेना इस वॉर ट्रेनिंग में सतह और पनडुब्बी जहाज़, हवाई यूनिट्स, तटीय और समुद्री मिसाइल प्लेटफ़ॉर्म और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर यूनिट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है.
ईरानी नौसेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल अब्बास हस्सानी ने इस वॉर ट्रेनिंग को लेकर जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि कम, मध्यम और लंबी दूरी की क्रूज़ मिसाइलों का इस्तेमाल सतह पर मौजूद लक्ष्यों को ध्वस्त करने के लिए किया जाएगा. उन्होंने आगे बताया था कि इस ऑपरेशन का मकसद युद्धक तैयारी को तेज करना, कमांड सिस्टम को मज़बूत करना और दुश्मन को रोकने की क्षमता को और बढ़ाना है.
यह वॉर ट्रेनिंग उस वक्त हो रही है जब ईरान और इज़राइल के बीच हाल ही में हुए सीधे युद्ध ने दोनों ओर भारी जनहानि और तबाही मचाई थी. इस युद्ध में अमेरिका ने भी ईरान पर एयरस्ट्राइक की थी और इज़राइल को समर्थन दिया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह जंग 13 जून को तब शुरू हुई जब इजराइल ने ईरान पर हवाई हमले किए. इसके बाद ईरान ने बदला लेते हुए इजराइल पर लगातार मिसाइल हमले शुरू कर दिए. इसके बाद अमेरिका की एंट्री हुई जिसने ईरान के कई न्यूक्लियर साइट्स को निशाना बनाया.