)
Israel Attack on Houthis: इज़रायल ने बुधवार को यमन की राजधानी सना पर बड़े हमले किए हैं. हूति लगाताक इजराइल के एयरपोर्ट्स को निशाना बनाते रहते हैं. हूति के जरिए कंट्रोल किए जा रही हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि हमलों में कम से कम 35 लोगों की मौत हुई और 118 अन्य घायल हुए. जानकारों की मानें तो ये आंकड़ा और बढ़ सकता है.
हूती के सैटेलाइट चैनल अल-मसीरा के मुताबिक, एक हमला सना के एकदम बीच में मौजूद एक सैन्य मुख्यालय इमारत पर हुआ, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए. हालांकि सटीक आंकड़े नहीं बताए गए हैं. चैनल ने कहा कि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है. माना जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
हूति कंट्रोल यमन पेट्रोलियम कंपनी के प्रवक्ता इस्साम अल-मुतवक्किल ने अल-मसीरा को बताया कि हमलों में राजधानी के एक ऐसे स्टेशन को भी निशाना बनाया गया जो अस्पतालों को ईंधन सप्लाई करता है. स्थानीय निवासियों ने कहा कि शहर के कई इलाकों में तेज़ धमाके सुनाई दिए और आसमान में आग और धुएं के गुबार दिखाई दिए.
हूती मीडिया कार्यालय ने दावा किया कि इज़रायल ने उत्तरी जौफ प्रांत की राजधानी हज़्म शहर में एक सरकारी इमारत को भी निशाना बनाया है. हूती के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा कि विद्रोहियों ने इज़रायली लड़ाकू विमानों पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दागीं.
हूती समर्थित राष्ट्रपति महदी अल-मशात ने बुधवार को कहा कि हमले जारी रहेंगे. उन्होंने इज़रायल को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारा जवाब ज़रूर आएगा, इज़रायली सतर्क रहें. हालांकि इज़रायल ने यह नहीं बताया कि वह किन जगहों को निशाना बना रहा था, लेकिन पहले भी उसने यमन पर हमले किए हैं, जिनका मकसद हूतियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब देना रहा है.
हौती विद्रोही लगातार लाल सागर में उन कमर्शियल जहाज़ों पर भी हमले करते रहे हैं, जिनके बारे में उनका मानना है कि उनका संबंध इज़रायल से है. ईरान समर्थित हूतियों का कहना है कि वे गाज़ा पट्टी में फ़िलिस्तीनियों और हमास का समर्थन कर रहे हैं.