)
Global Sumud Flotilla News: ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला काफिले को इजरायली सेना ने अवैध तरीके से रोक लिया है. पिछले 1 महीने से लगभग 50 नावों का एक ग्रुप ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला अभियान के तहत गज़ा के लिए रवाना हुआ था. लेकिन बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को इजरायली सेना ने ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला पर हमला करके उन पर सवार अंतरराष्ट्रीय कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला ने सोशल मीडिया पर दी है.
ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला ने सोशल मीडिया एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला के कई जहाज, जिनमें अल्मा, सीरियस और अदारा शामिल हैं, को इजरायली सेना ने अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से रोक लिया और उन पर चढ़ गए हैं. बयान में आगे कहा गया है कि ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला के कई नावों के लाइव स्ट्रीम और संचार टूट गए हैं. दरअसल, ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला अवैध इजरायली घेराबंदी को तोड़ते हुए गज़ा के करीब पहुंच गई थी. इन नावों पर इजरायली सेना ने उस क्षेत्र में हमला किया जहां इससे पहले मैडलीन नामक नाव पर इजरायली सेना ने हमला किया था. मैडलीन भी गज़ा के लोगों को मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए जा रही थी.
हालांकि ग्लोबल फ्लोटिला में शामिल कई नाव अभी-भी गज़ा की तरफ बढ़ रहे हैं. इजरायली सेना द्वारा इस कार्रवाई के बाद कई यूरोपीय देशों ने बयान जारी किया है. फ्रांस ने इजरायली अथॉरिटी से कहा है कि गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए और बिना किसी देरी के उन्हें फ्रांस आने दिया जाए. साथ ही स्विट्जरलैंड ने कहा है कि नाव पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए.
गौरतलब है कि ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला ग्रुप की मदद से गज़ा में नरसंहार को रोकने और वहां मानवीय सहायता को पहुंचाने के लिए 45 देशों से लगभग 500 लोग रवाना हुए थे. इस काफिले में अंतरराष्ट्रीय जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग भी शामिल है. इन नावों पर गज़ा के भूखे बच्चों और लोगों के लिए खाने की राशन और पीने के लिए साफ पानी और दवाइयां है.