)
Israel Airstrikes Yemen: हाल ही में हूती विद्रोहियों ने इजरायल पर मिसाइलों से हमला किया था. इस हमले के जवाब में इजरायल ने भी यमन की राजधानी सना पर हवाई हमला किया. इस हमले में हूती ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. इजरायली सेना का दावा है कि हूतियों ने दूसरी बार क्लस्टर बम मिसाइल दागी थी. इसी का जवाबी कार्रवाई करते हुए IDF ने हमला किया है.
हूती विद्रोहियों के अल-मसीरा टीवी चैनल ने बताया कि इजरायली हमलों में राजधानी सना के कई हिस्से निशाना बने. इसमें एक पावर प्लांट, गैस स्टेशन और तेल कंपनी शामिल हैं. तेल कंपनी पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि वहां जोरदार धमाके के बाद आग का गोला उठता नजर आया.
इजरायली सेना ने क्या कहा?
इजरायली सेना ने तस्दीक की कि उसने असार और हिज़ाज़ पावर प्लांट पर हमला किया. सेना का कहना है कि ये बिजलीघर हूती विद्रोहियों की सैन्य गतिविधियों को बिजली सप्लाई कर रहे थे. इसके अलावा सेना ने उस इलाके को भी निशाना बनाया, जहां राष्ट्रपति भवन स्थित है. वहीं, सना के स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके बेहद जोरदार थे और पूरे शहर में दहशत का माहौल फैल गया. एक निवासी हुसैन मोहम्मद ने कहा, “धमाकों की आवाज़ बहुत डरावनी थी. ऐसा लगा जैसे पूरा इलाका हिल गया हो.”
हूतियों ने भी किया बड़ा ऐलान
वहीं, दूसरे चश्मदीद अहमद अल-मेखलाफी ने बताया कि उनके घर की खिड़कियां टूट गईं और दीवारें हिल गईं. धमाके इतने ताकतवर थे कि घर की नींव तक हिल गई. इस हमले के बाद हूतियों ने इजरायल के खिलाफ पलटवार करने का ऐलान किया है. हूती मीडिया डिप्टी हेड नसरुद्दीन आमिर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारे सैन्य अभियान गाजा का समर्थन करते रहेंगे. जब तक आक्रामकता खत्म नहीं होती और नाकाबंदी नहीं हटती, हम इजरायल पर हमले जारी रखेंगे.”