)
Gaza War: इजरायली रक्षा मंत्री ने खुलेआम गाजा को नष्ट यानी पूरी तरह से खत्म करने की धमकी दी है. हैरानी की बात तो यह है कि पूरी दुनिया गाजा को बर्बाद होते हुए देख रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. दरअसल, इजरायल के रक्षा मंत्री 'इजरायल काट्ज' ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि अगर हमास हथियार छोड़ने और इजरायली बंधकों को रिहा करने को तैयार नहीं होता है, तो वह गाजा शहर को नष्ट कर देंगे.
इजरायली रक्षा मंत्री 'इजरायल काट्ज' ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जल्द ही गाजा में हमास के लड़ाकों के सिर पर नरक के दरवाजे खोल दिए जाएंगे. उन्होंने सीधे तौर पर गाजा को नरक बनाने की धमकी दी है. उन्होंने यह भी कहा कि हमास के लड़ाकों को इजरायल की शर्तों पर सीजफायर समझौता करना होगा.
इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी एक ऐसी ही हैरतअंगेज बयान दिया. PM नेतन्याहू ने बीते गुरुवार को गाजा के पास सैनिकों से बातचीत के दौरान कहा कि वह गाजा की सबसे घनी आबादी वाले शहर गाजा सिटी पर कब्ज़ा करने और वहां से लगभग 10 लाख लोगों को जबरन हटाने की योजना को मंजूरी देने के लिए तैयार हैं.
वहीं, PM नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायली बंधकों की रिहाई के लिए हमास से तत्काल बातचीत करने के निर्देश दे दिए गए हैं. PM नेतन्याहू एक तरफ गाजा पर कब्जा करने और दूसरी तरफ हमास के साथ बातचीत करने की बात कर रहे हैं. उन्होने कहा कि गाजा में सीजफायर के लिए हमास को इजरायली शर्तों को मानना होगा. गाजा में सीजफायर सिर्फ इजरायल की शर्तों पर होगा.
गौरतलब है कि पिछले दिनों इजरायल ने कतर से अपना डेलिगेशन को वापस बुला लिया था. ये डेलिगेशन कतर में हमास के साथ अप्रत्यक्ष रूप से सीजफायर के मुद्दे पर बातचीत के लिए गई थी. वहीं, कतर और मिस्र ने एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच सीजफायर करवाने की कोशिश कर रहे हैं. कतर और मिस्र की तरफ से नए सीजफायर प्रस्ताव को हमास ने स्वीकार कर लिया है.