)
Bangladesh Election Date Announced: बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से हिंसा का दौर जारी है. इस बीच बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने एक बार फिर साफ किया है कि देश में आम चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे. साथ ही उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की जनता लंबे समय से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का इंतजार कर रही है, जिसे पहले की तानाशाही सरकार (शेख हसीना की अगुवाई वाली सरकार) ने उनसे छीन लिया था.
दरअसल, मोहम्मद यूनुस ने बीते सोमवार (22 दिसंबर) को अमेरिका के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत सर्जियो गोर से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें बताया कि 12 फरवरी को आम चुनाव होंगे और सरकार इस दिशा में पूरी तरह तैयार है. इस बातचीत की जानकारी मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए दी.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश की जनता लंबे समय से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का इंतजार कर रही है, जिसे पहले की तानाशाही सरकार (शेख हसीना की अगुवाई वाली सरकार) ने उनसे छीन लिया था. मोहम्मद यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार का लक्ष्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर जनता का भरोसा मजबूत हो.
मोहम्मद यूनुस ने कहा कि बांग्लादेश में आम चुनाव कराने में अब लगभग 50 दिन बचे हैं. हम चाहते हैं कि यह चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो और इसे एक मिसाल के रूप में याद रखा जाए. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अपदस्थ तानाशाही शासन के समर्थक चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने के लिए भारी मात्रा में धन खर्च कर रहे हैं, जबकि उनका फरार नेता हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंतरिम सरकार हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
मोहम्मद यूनुस ने जानकारी दी है कि अमेरिका के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत सर्जियो गोर से यह बातचीत सोमवार (22 दिसंबर) शाम करीब 7:30 बजे हुई और लगभग आधे घंटे तक चली. बातचीत में बांग्लादेश-अमेरिका व्यापार और टैरिफ समझौते, आगामी चुनाव, बांग्लादेश का लोकतांत्रिक संक्रमण और युवा राजनीतिक कार्यकर्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.