)
Zohran Mamdani Trump Meeting: अमेरिका के इतिहास में पहली बार न्यूयॉर्क शहर का मेयर एक साउथ एशियन मूल का व्यक्ति जोहरान ममदानी बना. राष्ट्रपति ट्रंप न्यूयॉर्क चुनाव के वक्त ममदानी के खिलाफ विवादित बयान दे रहे थे. लेकिन अब दोनों के बीच व्हाइट हाउस में बैठक हुई है. जोहरान ममदानी शुक्रवार (21 नवंबर) को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करने पहुंचे, जहां ट्रंप ने उनका जोरदार स्वागत किया.
इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी की जमकर तारीफ की और ममदानी द्वारा उन्हें फासिवादी कहे जाने को माना. दरअसल, जोहरान ममदानी राष्ट्पति ट्रंप को अपने बयानों में कई बार फासीवादी बता चुके हैं. व्हाइट हाउस में दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद मीडिया ने ट्रंप से ममदानी के फासीवादी वाले बयान पर सवाल किया. इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें फासीवादी कहे जाने पर कोई दिक्कत नहीं है. इस दौरान मीडिया ने ट्रंप से पुछा कि चुनाव प्रचार के दौरान आपने ममदानी को जिहादी बताया था और आज ममदानी आपके बगल में खड़े हैं.
रिपरोर्ट के जिहादी वाले सवाल पर राष्ट्पति ट्रंप ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान हम एक-दूसरे के खिलाफ बहुत कुछ बोल जाते हैं. उन्होंने आगे कहा कि हमारी मुलाकात ममदानी से हुई है और यह बड़े अच्छे और रेशनल इंसान हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने ममदानी को न्यूयॉर्क के मेयर का चुनाव जीतने को लेकर बधाई दी और कहा कि ममदानी न्यूयॉर्क में जितने अच्छे काम करेंगे, उतनी ही ट्रंप को खुशी मिलेगी. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी मुलाकात ममदानी से हुई है. उन्होंने आगे कहा कि ममदानी ने मुझे चौंका दिया है, ममदानी चाहते हैं कि न्यूयॉर्क में अपराध कम हो, लोगों के घर बनें, घरों के किराए कम हों. राष्ट्पति ट्रंप ने आश्वासन देते हुए कहा कि वह ममदानी की मदद जरूर करेंगे.
गौरतलब है कि जोहरान ममदानी राष्ट्पति ट्रंप, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ तीखे बयान देते रहते हैं. ममदानी इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि अगर इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू न्यूयॉर्क शहर में आते हैं तो उन्हें शहर में प्रवेश करते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. ममदानी गज़ा में इजरायली नरसंहार के लिए नेतन्याहू को जिम्मेदार बताते हैं और इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी अरेस्ट वॉरेंट के मुताबिक उन्हें गिरफ्तार करने की बात करते हैं.