)
Afghanistan-Pakistan conflict: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबूल में पाकिस्तान विरोधी अतंकवादी समूहों के खिलाफ हवाई बमबारी करने का दावा किया. इस दावे की पुष्टि अफगानिस्तान की मौजूदा सरकार ने भी की. इस घटना के बाद दोनों मुल्कों की सीमाओं पर भीषण झड़पे शुरू हो गईं. अफगानिस्तान ने दावा किया कि उनके सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई करके 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है.
इसी कड़ी में बुधवार (15 अक्टूबर) को फिर से अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा डूरंड लाइन पर गोलीबारी शुरू हो गई है. इस झड़प की वजह से सीमा से सटे इलाके में रहने वाले अफगानिस्तान के लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है. अफगानिस्तान के लोगों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना रिहायशी इलाके को टार्गेट कर रही है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों मुल्कों के बीच यह झड़प कंधार प्रांत और बलूचिस्तान प्रांत के बीच एक अहम बॉर्डर जिले स्पिन बोल्डक में हो रही है. यहां सुबह करीब 4 बजे दोनों सेनाओं के बीच भीषण झड़प शुरू हो गई. इस दौरान दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई. छोटे हथियारों और बड़े हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया.
अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक जिले के इन्फॉर्मेशन ऑफिसर अली मोहम्मद हकमल ने इस बात की पुष्टि की कि अफगान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच झड़पें बुधवार सुबह शुरू हुई है.
बता दें कि यह तनाव बीते मंगलवार रात को खोस्त प्रांत में बॉर्डर के पास एक छोटी सी झड़प के बाद बढ़ा है, जहाँ डूरंड लाइन पर अफगान सेना और पाकिस्तानी बॉर्डर गार्ड के बीच गोलीबारी हुई थी. पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि अफगानिस्तान की सेना ने बिना उकसाने के गोलीबारी की, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की. पाकिस्तान ने यह भी दावा किया कि इस गोलीबारी के दौरान पाकिस्तानी सेना ने कई अफगान टैंकों और बॉर्डर पोस्ट को नुकसान पहुँचाया.