)
Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों पर हमला किया था. यह हमला इसलिए भी अहम था कि भारत ने पहली बार आतंकियों को उसके घर में टार्गेट किया था. इससे पहले भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को निशाना बनाती थी. ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुए हमलों में पाकिस्तानी आतंकियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. इस बात की पुष्टि आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के सीनियर कमांडर ने की है.
दरअसल, 7 मई 2025 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर कई आतंकी ठिकानों पर हमला किया. इन हमलों में पाकिस्तान के बिलावलपुर स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने को भी टार्गेट किया गया. इस हमले में जैश-ए-मोहम्मद का चीफ तो बच गया, लेकिन उसके परिवार के 10 सदस्यों की मौत हो गई. अब आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के टॉप कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने ये कबूल किया है कि 7 मई को भारतीय सेना के हमले में मसूद अजहर के परिवार वालों की लाशें टुकड़ों में बिखर गयई थीं. आतंकी इलियास के इस कबूलनामे से यह अंदाजा लगा सकते हैं कि भारतीय सेना का हमला कितना भीषण था.
आतंकी इलियास कश्मीरी एक वीडियो में इस बात को कबूल करते दिख रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि आतंकी इलियास कश्मीरी एक स्टेज पर भाषण दे रहा है और स्टेज के चारों ओर बंदूकधारी आतंकी खड़े हैं. इस दौरान वह कहता है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के हमले में मसूद अजहर के परिवार वालों की लाशें टुकड़े-टुकड़े हो गई थीं.
गौरतलब है कि मई के महीने में पाकिस्तान परस्त आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में 26 मासूम सैलानियों की हत्या कर दी थी. इस हमले के बाद भारत के लोगों में आक्रोश था और सरकार पर बदला लेने का दबाव था. इसी कड़ी में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के अंदर कई आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमला किया. इसके बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा प्रणाली ने उन हमलों को नाकाम कर दिया. आखिर में तीन दिनों के संघर्ष के बाद हमला रोकने का ऐलान कर दिया गया.