)
Pakistan News: पाकिस्तान की सरकार और सेना बलूचिस्तान के अपने ही नागरिकों के खिलाफ जुल्म कर रही है. पाकिस्तानी सेना द्वारा बलूचिस्तान में विद्रोही गिरोह के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन के नाम पर आम बलूच लोगों पर हमले किए जा रहे हैं. बलूचिस्तान में मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े कई रिपोर्ट्स भी आ चुके हैं. इसी कड़ी में यूनाइटेड किंगडम में रहने वाले बलूच लोगों ने लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर पाकिस्तानी दमन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
इस प्रदर्शन में बलूच लोगों ने बलूचिस्तान के जेहरी इलाके में पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए क्रूर मिलिट्री ऑपरेशन के खिलाफ आवाज उठाई. दरअसल, बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना लगभग दो हफ्तों से सैन्य ऑपरेशन कर रही है. इस ऑपरेशन में कई बलूच लोगों की मौत हुई है. इसी के खिलाफ लंदन में रहने वाले बलूच समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और इस सैन्य ऑपरेशन को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया.
लंदन में बलूच प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मानवाधिकारों का उल्लंघन करने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की. साथ ही इस मुद्दे पर ब्रिटिश सरकार से अपनी चुप्पी तोड़ने और बलूचिस्तान में चल रहे गलत कामों के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने की अपील की.
इस प्रदर्शन के दौरान बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना द्वारा सिस्टमैटिक नरसंहार करने का आरोप लगाते हुए पोस्टर लहराए गए और इंटरनेशनल मानवाधिकार संगठनों से इलाके में फैक्ट-फाइंडिंग मिशन भेजने की अपील की.
दूसरी ओर, बलूचिस्तान में हो रहे अत्याचारों पर रोशनी डालते हुए, पाक, बलूच नेशनल मूवमेंट के ह्यूमन राइट्स डिपार्टमेंट ने सोमवार को कहा कि पूरे प्रांत में जबरन गायब होने की बढ़ती लहर के बीच पाकिस्तानी सेना ने एक और बलूच नागरिक को जबरन गायब कर दिया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते 19 अक्टूबर को पाकिस्तानी फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के लोगों ने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में अदनान बलूच की दुकान पर छापा मारा और उन्हें जबरन एक अनजान जगह पर ले गए. अदनान बलूच कहां है, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा उन्हें कहाँ ले जाया गया है, इस बात की जानकारी अदनान के परिवार वालों को नहीं दी गई है.