Pakistan News: पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में आतंकियों की बड़ी घुसपैठ की कोशिश को सेना ने नाकाम कर दिया. ऑपरेशन में 54 आतंकवादी मारे गए और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए.
Trending Photos
)
Pakistan News: पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा से उत्तरी वजीरिस्तान में 54 आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान सेना ने सभी आतंकी को मार गिराया है. पाकिस्तान की सेना (ISPR) ने कहा है कि उत्तरी वजीरिस्तान में 25-26 और 26-27 अप्रैल की रात को कई आतंकवादी सरहद पार करके पाकिस्तान में घुसने की कोशिश कर रहे थे.
ISPR के मुताबिक, ये आतंकवादी एक बड़े ग्रुप में आए थे, जिसे पाक सेना ‘ख्वारिज’ कहती है. पाकिस्तान ने दावा किया कि उसकी सेना ने इनकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया और 54 आतंकवादियों को मार गिराया. सेना ने ऑपरेशन के बाद भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और बम भी बरामद किए हैं.
आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन जारी - सेना
ISPR का कहना है कि खुफिया जानकारी के मुताबिक, ये आतंकी पाकिस्तान के अंदर बड़े हमले करने के लिए अपने विदेशी आका (मालिकों) के कहने पर घुसपैठ कर रहे थे. सेना ने साफ कहा है कि ऐसे हमलों को देशद्रोह और गद्दारी माना जाएगा. सेना ने अपने बयान में कहा कि वो देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहेगा.
पाकिस्तान ने भारत पर लगाए संगीन इल्जाम
पाकिस्तान की सेना (ISPR) ने कहा है कि हाल ही में उनकी सरहद पर जो घुसपैठ की कोशिश हुई, उसका जिम्मेदार भी भारत ही है. साथ ही, पाकिस्तान ने कहा कि भारत बेबुनियाद (बिना सबूत) आरोप लगा रहा है. पाक सेना ने एक आतंकी संगठन फितना अल ख्वारिज (FAK) का नाम लिया, जो पाकिस्तान में लगातार हमले कर रहा है. पाकिस्तान का कहना है कि ये आतंकी किसके कहने पर काम कर रहे हैं, ये सबको समझ आ रहा है.
जल संधि समझौता हुआ सस्पेंड
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने ये भी कहा कि जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते खराब हुए हैं, सिंधु जल समझौता सस्पेंड हुआ है, तब भारत जानबूझकर पाकिस्तान की सेना का ध्यान भटका रहा है. पाकिस्तान की सरकार ने इस मामले पर नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक भी बुलाई थी. उसमें कहा गया कि भारत का असली मकसद पाकिस्तान की फौज पर दबाव बनाना है, ताकि आतंकी संगठन FAK को फायदा हो सके.
सेना ने क्या कहा?
पाकिस्तान ने कहा कि हमारी सेना बहुत सतर्क है और किसी भी हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. पाकिस्तान ने दावा किया कि वे आतंक के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं. इसी बीच शुक्रवार और शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा में तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में 15 आतंकवादी मारे गए और पाकिस्तान के दो जवान शहीद हो गए. पाकिस्तान में बीते महीनों में आतंकवादी घटनाएं काफी बढ़ गई हैं.