Pakistan Drone Strike: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में ड्रोन स्ट्राइक हुई है. जिसमें 22 लोगों के घायल होने की खबर है. आरोप लग रहे हैं कि पाकिस्तान सरकार मरने वालों की तादाद को छिपा रही है.
Trending Photos
)
Pakistan Drone Strike: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके दक्षिण वज़ीरिस्तान में एक वॉलीबॉल मैदान के पास मंगलवार शाम को हुए संदिग्ध क्वाडकॉप्टर हमले में कम से कम 22 लोग घायल हो गए हैं. यह हमला उस वक्त हुआ जब लोग सूरज ढलने से ठीक पहले वॉलीबॉल खेल रहे थे.
अरब न्यूज के मुताबिक, स्थानीय पुलिस प्रवक्ता हबीब इस्लाम ने बताया कि अज़म वर्सक कस्बे में एक अज्ञात ड्रोन ने विस्फोटक गिराया, जिससे मैदान के पास खेल रहे स्थानीय निवासी घायल हुए हैं. ड्रोन कहां से आया और इसे ऑपरेट कौन कर रहा था, यह अभी साफ नहीं है. उन्होंने आगे बताया कि सिक्योरिटी फोर्सेस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त जांच चल रही है, ताकि इस हमले के पीछे की साजिश का खुलासा हो सके.
वाना के जिला मुख्यालय अस्पताल (DHQ) के डॉ. जान मुहम्मद शिनवारी ने बताया कि अस्पताल में 22 घायलों को भर्ती किया गया था, जिनमें से ज्यादातर को फर्स्ट एड देने के बाद छुट्टी दे दी गई है. हालांकि, दो बच्चों को गंभीर हालत में डेरा इस्माइल खान के अस्पताल रेफर किया गया था, जिनकी कंडीशन अब स्टेबल बताई जा रही है.
इससे पहले उत्तर वज़ीरिस्तान के मीर अली कस्बे में 5 मई को एक अन्य संदिग्ध ड्रोन हमले में चार बच्चों की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हुए थे. इस घटना के बाद हजारों स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया था और बच्चों की लाशों को सड़क पर रखकर न्याय की मांग की थी.
मार्च में भी मरदान शहर में एक ड्रोन हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 11 लोग मारे गए थे. उस समय प्रांतीय सरकार ने बयान में इसे “कोलैटरल डैमेज” करार दिया था.
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आतंकवादी संगठन भी क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल सैनिकों को निशाना बनाने के लिए कर रहे हैं, लेकिन मीर अली और अज़म वर्सक में हुए हालिया हमलों के पीछे किसका हाथ है, यह अभी तक साफ नहीं है.
गौरतलब है कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत, खास तौर पर उत्तर और दक्षिण वज़ीरिस्तान, लंबे समय से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और अन्य आतंकवादी संगठनों का गढ़ रहे हैं. हाल के महीनों में TTP ने यहां अपनी एक्टिविटीज और हमले तेज़ कर दिए हैं.