Advertisement
trendingNow,recommendedStories0/zeesalaam/zeesalaam3068176
Zee SalaamMuslim Worldपाकिस्तान में 63 परसेंट युवा को नसीब न हुआ स्कूल जाना, रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा

पाकिस्तान में 63 परसेंट युवा को नसीब न हुआ स्कूल जाना, रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा

Pakistan News: एक रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान के 63 प्रतिशत युवा और 23 प्रतिशत किशोरों ने कभी औपचारिक शिक्षा नहीं प्राप्त की. पूरी जानकारी के लिए नीचे स्क्रॉल करें. 

 पाकिस्तान में 63 परसेंट युवा को नसीब न हुआ स्कूल जाना, रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा

Pakistan News: पाकिस्तान में शिक्षा से जुड़ी संकट की गंभीर रिपोर्ट सामने आई है. इस रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान के 63 प्रतिशत युवा पढ़ाई करने के लिए स्कूल ही नहीं जा सके.  वर्ष 2023 के जनगणना आंकड़ों के मुताबिक देश की 63 प्रतिशत युवा आबादी और 23 प्रतिशत किशोरों ने कभी भी औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं की. यह स्थिति लाखों युवाओं को समाज के हाशिये पर धकेल रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कूल से बाहर रहने वाले किशोर और युवा (आउट ऑफ स्कूल एडोलसेंट्स एंड यूथ) नीति निर्माण में सबसे अधिक उपेक्षित वर्गों में शामिल हैं. हालात महिलाओं के लिए और भी चिंताजनक हैं. 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 75 प्रतिशत महिलाएं कभी स्कूल नहीं गईं, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा लगभग 50 प्रतिशत है. पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल शिक्षा की कमी नहीं, बल्कि बेहतर रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक भागीदारी से आजीवन वंचित रहने का संकेत है.

सस्टेनेबल डेवलपमेंट पॉलिसी इंस्टीट्यूट और यूएनएफपीए द्वारा खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब में किए गए एक अध्ययन में आउट ऑफ स्कूल एडोलसेंट्स एंड यूथ की समस्याओं का आकलन किया गया. अध्ययन का उद्देश्य यह समझना था कि ये युवा शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और नागरिक जीवन में दोबारा कैसे शामिल हो सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

अध्ययन में सामने आया कि करीब 75 प्रतिशत युवाओं के स्कूल छोड़ने का सबसे बड़ा कारण आर्थिक तंगी है. इसके अलावा, घरेलू जिम्मेदारियां, काम का दबाव, नजदीकी स्कूलों की कमी, लंबी दूरी, असुरक्षित परिवहन और सामाजिक मान्यताएं, खासकर लड़कियों के लिए, समस्या को और बढ़ाती हैं. कम उम्र में शादी और उत्पीड़न का डर लड़कियों की शिक्षा में सबसे बड़ी बाधा है. अध्ययन के मुताबिक लड़कों और लड़कियों पर स्कूल से बाहर रहने का असर अलग-अलग पड़ता है.

कई लड़कों को कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए कठिन और कम वेतन वाले काम करने पड़ते हैं. लगभग दो-तिहाई पुरुषों ने बताया कि उन्हें छोटी उम्र से ही कमाने का दबाव महसूस होता है.

वहीं, 85 प्रतिशत से अधिक लड़कियां दिन का ज्यादातर वक्त बिना वेतन वाले घरेलू और देखभाल कार्यों में बिताती हैं, जिससे उनके पास न शिक्षा के लिए समय बचता है और न ही रोजगार के लिए. अध्ययन में लड़कियों की औसत विवाह आयु 18 वर्ष पाई गई.

शिक्षा की कमी का सीधा असर रोजगार पर दिखता है. लगभग 75 प्रतिशत आउट ऑफ स्कूल एडोलसेंट्स एंड यूथ के पास किसी भी तरह का भुगतान वाला काम नहीं है, जिनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है. जो लोग काम करते भी हैं, वे अस्थायी और असंगठित क्षेत्र में लंबे समय तक काम करने के बावजूद 25,000 रुपये से कम मासिक आय कमाते हैं.

अध्ययन में यह भी सामने आया कि 90 प्रतिशत से अधिक युवाओं ने कभी किसी व्यावसायिक या कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया. स्वास्थ्य की स्थिति भी चिंताजनक है. कुपोषण, पुराना दर्द और मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं आम हैं, लेकिन महंगे इलाज, आवाजाही की दिक्कतों और जागरूकता की कमी के कारण ये युवा उचित स्वास्थ्य सेवाओं तक नहीं पहुंच पा रहे हैं.

About the Author
author img
Zeeshan Alam

जीशान आलम Zee Media में ट्रेनी जर्नलिस्ट हैं. वह बिहार के छपरा के निवासी हैं और दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया है. सियासत और मुस्लिम माइनॉरिटी से जुड़ी ख़बरें वो आ...और पढ़ें

TAGS

Trending news