)
Pakistan flash flood: भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ की वजह से भयावह स्थिति हो गई है. पाकिस्तान में बीते जून के महीने से हो रही मूसलाधार बारिश से हर तरफ तबाही का मंजर है. इस मानसूनी बारिश की वजह से अब तक 883 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो चुकी है और लगभग 1,200 लोग घायल हैं. हालांकि बारिश और बाढ़ की वजह से भारत की स्थिति भी खराब हो गई है, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और बिहार समेत कई पहाड़ी राज्यों में भीषण बारिश होने से बाढ़ आ गई है. इस दौरान जान-माल का काफी नुकसान हुआ है.
पाकिस्तान में बुधवार (3 सितंबर) को देर रात भारी बारिश की वजह से दो और बच्चों की जान चली गई. इनमें से एक की मौत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) और दूसरे की जान इस्लामाबाद में हुई. पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (PMD) ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के ऊपरी क्षेत्रों में जारी भारी बारिश लाहौर, गुजरांवाला, रावलपिंडी और इस्लामाबाद में शहरी बाढ़ की वजह बन सकती है.
पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने बीते बुधवार को अपने राष्ट्रीय आपात संचालन केंद्र (NIOC) के माध्यम से अगले 12 से 24 घंटों में पाकिस्तान के कई क्षेत्रों में संभावित बारिश की चेतावनी जारी की थी. पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा (KP) और पंजाब प्रांतों को बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. केपी में 488 लोगों की मौत हो गई है और 360 घायल हुए हैं.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अब तक 58 लोगों की मौत हुई है, गिलगित-बाल्टिस्तान में 41, POK में 38, बलूचिस्तान में 26 और इस्लामाबाद में 9 लोगों की मौत हो चुकी है.
PMD ने चेतावनी दी है कि सतलुज नदी में बाढ़ का स्तर असाधारण रूप से ऊंचा बना रहेगा, जबकि चिनाब नदी में एक नई बाढ़ पंजाब के मराला से नीचे की ओर पहुंच सकती है.