)
Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पिछले दो सालों से भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं. उनके जेल जाने के पीछे पाकिस्तानी सेना का हाथ बताया जाता है. इमरान खान कई बार पाकिस्तानी सेना पर गंभीर इल्जाम लगा चुके हैं. अब उन्होंने कहा है कि पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर गंभीर इल्जाम लगाया है. उन्होंने कहा कि जनरल आसिम मुनीर उनके परिवार की महिलाओं को निशाना बना रहे हैं.
दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने संयुक्त राष्ट्र के स्पेशल रैपोर्ट्योर ऑन टॉर्चर डॉ. ऐलिस जे. एडवर्ड्स से अपील की है कि इस दंपति के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार को रोका जाए. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर इल्जाम लगाते हुए कहा कि "मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ सभी अत्याचार आसिम मुनीर के आदेश पर हो रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान फिलहाल 'आसिम कानून' के तहत चल रहा है. उन्होंने कहा कि आसिम मुनीर ने सारी नैतिकता को दफना दिया है.
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के नेता सैयद जुल्फीकार ने 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करके इस बात की जानकारी दी कि संयुक्त राष्ट्र के प्रतिवेदक से अपील की गई है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की ओर से संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक, डॉ. एलिस जे. एडवर्ड्स के समक्ष दो औपचारिक अपील दायर की गईं.
PTI नेता कासिम खान ने क्या कहा?
इमरान खान के बेटों, सुलेमान और कासिम खान ने अपने पिता के लिए अपील दायर की है, जबकि मरियम वट्टू ने अपनी बहन बुशरा बीबी के लिए अपील भेजी है. कासिम खान ने आगे लिखा कि "हम इमरान खान और बुशरा बीबी की मनमानी गिरफ्तारी और अमानवीय व्यवहार के खिलाफ हर मंच पर आवाज उठाना कभी बंद नहीं करेंगे. पाकिस्तान के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक राजनैतिक कैदी की पत्नी को सिर्फ उसका हौसला तोड़ने के लिए कैद किया गया है. पूरा देश इमरान खान के साथ मजबूती से खड़ा है, और हम कभी हार नहीं मानेंगे."
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुशरा बीबी पर राजनीति से प्रेरित आरोप लगाए गए हैं और उन्हें सात साल की जेल की सजा सुनाई गई है. साल 2024 में उनकी नजरबंदी के बाद से, उन्हें प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा है. जिसमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड से दूषित खाना परोसना, अस्वास्थ्यकर और गंदी कोठरी में बंद करना, चिकित्सा देखभाल से वंचित करना और लंबे समय तक एकांतवास में रहना शामिल है.
PTI के नेताओं का मानना है कि यह कैद इमरान खान और उनकी पति को मानसिक रूप से तोड़ने और इमरान खान की पत्नी को निशाना बनाकर उन पर मनोवैज्ञानिक दबाव डालने की कोशिश का हिस्सा है. इमरान खान के वकील जेरेड जेनसर ने कहा कि यातना और दुर्व्यवहार तो दूर की बात है इमरान खान और उनकी पत्नी का जेल में होना ही अवैध है.