)
Salman Khan Terrorist Remark Pakistan: बॉलीवुड स्टार सलमान खान को पाकिस्तान ने 'आतंकवादी' घोषित किया है. पाकिस्तान सरकार का फैसला सलमान के उस बयान के बाद आया, जिसमें उन्होंने बलूचिस्तान को अलग मुल्क बताया था. वहीं, सलमान खान को पाकिस्तान सरकार द्वारा 'आतंकवादी' घोषित किए जाने पर मंत्री योगेश रामदास कदम ने कहा कि सलमान खान न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में एक मशहूर और सम्मानित हस्ती हैं. उनके घर में भगवान गणेश की पूजा भारतीय परंपरा के मुताबिक की जाती है.
दरअसल, यह पाकिस्तान का अपना ही मजाक उड़ाना है. यह सब विशुद्ध रूप से राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाक सरकार ने एक्टर सलमान खान को आतंकवाद-रोधी अधिनियम (1997) की चौथी अनुसूची में रखा है. इस लिस्ट में उन लोगों को रखा जाता है, जिन पर आतंकवाद से जुड़े होने का शक होता है.
सलमान के बयान से पाकिस्तान को लगी मिर्ची
चौथी अनुसूची में शामिल होने का मतलब यह है कि अब सलमान खान की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी. यहां तक कि उनकी पाकिस्तान यात्रा पर भी प्रतिबंध लग सकता है और उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है. यह फैसला सलमान खान के रियाद में हुए जॉय फोरम 2025 में दिए बयान के बाद आया है. शाहरुख खान और आमिर खान के साथ शामिल हुए सलमान ने इस दौरान बलूचिस्तान को अलग मुल्क बताया था. सलमान के इस बयान से पाकिस्तान को मिर्ची लग गई है.
सलमान को जान से मारने की धमकी
गौरतलब है कि सलमान खान को पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है. बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उनकी हिट लिस्ट में सलमान खान भी थे. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े शूटर्स मुंबई में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर कई बार रेकी कर चुके थे. हालांकि, कड़ी सुरक्षा की वजह से वह अपने मकसद में नाकाम रहे और सलमान पर हमला करने की उनकी योजना विफल रही.
इस साल भी सलमान को मिल चुकी है धमकी
इस साल के अप्रैल महीने में अभिनेता सलमान खान को धमकी मिली थी. वर्ली में परिवहन विभाग के नंबर पर भेजे गए मैसेज में सलमान की गाड़ी को बम से उड़ाने के अलावा घर में घुसकर मारने की धमकी भी दी गई थी.
इनपुट-आईएएनएस