Pakistan: पाकिस्तान में यौम-ए-आज़ादी की खुशी में लोगों ने अंधाधुन फायरिंग की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. मरने वालो में एक छोटी बच्ची शामिल है. इसके साथ ही 60 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Trending Photos
)
Pakistan: पाकिस्तान के कराची शहर में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हुई लापरवाह हवाई फायरिंग ने कई घरों में मातम फैला दिया है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फायरिंग में एक सीनियर सिटिजन और आठ साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
स्थानीय मीडिया के मुताबित, अज़ीज़ाबाद ब्लॉक-8 में आठ साल की एक बच्ची को गोली लगी है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कोरंगी इलाके में स्टीफ़न नाम के एक शख्स को भी रास्ते में जाते समय गोली लगी और उसने भी वहीं दम तोड़ दिया. एक दूसरे शख्स की मौत भी जश्न की फायरिंग से हुई.
बचाव दल के मुताबिक, जैसे ही घड़ी ने 12 बजे, शहर में गोलियों और आतिशबाज़ी की आवाज़ गूंजने लगी, जिससे कई लोग घायल हो गए. जियो न्यूज़ के मुताबिक, कम से कम 64 लोगों को गोली लगने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर है. बताया जा रहा है कि मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटनाओं की निंदा करते हुए इसे खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना बताया और नागरिकों से सुरक्षित तरीके से जश्न मनाने की अपील की है. शहर भर में ऑपरेशन चलाकर 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और हथियार व गोलियां बरामद की गई हैं.
फायरिंग की घटनाएं लियाकताबाद, बल्दिया, कोरंगी, कीमारी, लियारी, अख्तर कॉलोनी, महमूदाबाद, जैक्सन, ओरंगी टाउन, पापोश नगर, नॉर्थ नाज़िमाबाद, सूरजानी टाउन, शरीफाबाद, ज़मान टाउन और लांधी सहित कई इलाकों में दर्ज की गई हैं.
पाकिस्तान में 14 अगस्त को यौमे आज़ादी मनाया जाता है. इसी की खुशी में वहां लोगों ने अंधाधुन फायरिंग की. सवाल ये उठता है कि आम नागरिकों के पास ऐसे हथियार मौजूद होना कितना महफूज है?