)
नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक ख़ुफ़िया जानकारी पर शुरू की गई मुहिम के दौरान 8 टीटीपी आतंकवादी मारे गए और पाँच दीगर ज़ख़्मी हो गए. यह मुहिम लक्की मरवत ज़िले के वांडा शेख़ अल्लाह इलाके में चलाई गई थी.
पुलिस ने बताया कि इस मुहिम में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के 8 आतंकवादी मारे गए और पाँच ज़ख़्मी हो गए. ऐसी ही एक दूसरी वारदात में अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार को दक्षिणी वज़ीरिस्तान की सीमा से लगे टैंक ज़िले में एक नवनिर्मित सरकारी प्राइमरी गर्ल्स स्कूल को विस्फोट से उड़ा दिया. अभी तक किसी भी समूह ने स्कूल बम विस्फोट की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सियाल गुल कोरोना के गारा बुद्धा गाँव में पेश आया है. विस्फोट के वक़्त इमारत खाली होने की वजह से किसी के हलाक होने की खबर नहीं है. सुरक्षा अधिकारियों को शक है कि इस इलाके में शिक्षा और साक्षरता, ख़ास तौर से लड़कियों की शिक्षा, की तरक्की में रुकावट डालने के इरादे से आतंकवादी हमले किये गए हैं. टैंक ज़िले में सक्रिय टीटीपी के अलग-अलग समूह लड़कियों की शिक्षा के खिलाफ हैं और आमतौर पर उनके स्कूलों को निशाना बनाते हैं.
स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक दशक में इस प्रांत के 450 से ज़्यादा स्कूल ऐसे हमलों में बर्बाद हो चुके हैं, जिससे छात्रों को या तो पढ़ाई छोड़नी पड़ी है या फिर उन्हें खंडहर हो चुकी इमारतों या मलबे के पास कक्षाएं लेनी पड़ी हैं. पाकिस्तान में 2019 तक लड़कियों के स्कूलों पर कई हमले हुए, खासकर स्वात घाटी और टीटीपी के नियंत्रण वाले पूर्व कबायली इलाकों में. 2012 में, विद्रोहियों ने नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई पर हमला किया, जो लड़कियों की शिक्षा की पैरोकार थीं.
पाकिस्तान में हाल ही में आतंकवादी गतिविधियों में काफी इजाफा देखा जा रहा है. खासकर अफगानिस्तान की सीमा से लगे प्रांतों में. आतंकवाद निरोधी विभाग (CTD) की गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल खैबर पख्तूनख्वा में अब तक आतंकवादी हमलों की वजह से 298 लोगों की मौत हो चुकी है. रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 अक्टूबर तक, प्रांत भर में अलग -अलग आतंकवादी घटनाओं में 117 पुलिसकर्मी और 181 नागरिक मारे गए, जिससे मरने वालों की कुल तादाद 298 हो गई, जबकि 486 दीगर ज़ख़्मी हुए हैं.
आँकड़ों के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में 2,366 खुफिया-आधारित अभियान चलाए गए, जिनमें 1,124 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है.
मुस्लिम दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam