)
Pakistan News: भारत और पाकिस्तान के लोग क्रिकेट के दीवाने हैं और जब दोनों टीमें इंटरनेशनल टूर्नामेंट में आमने-सामने होती हैं, तो पागलपन अपने चरम पर होता है. जीत का जश्न त्यौहारों की तरह मनाया जाता है, जबकि हार का मज़ा किरकिरा हो जाता है. पाकिस्तानी फैंस से बेहतर यह कौन जान सकता है, जब भी उनकी टीम भारत से हारती है, तो वे टीवी सेट तोड़ देते हैं, लेकिन इस साल, टी20 विश्व कप 2024 में भारत बनाम पाकिस्तान के मुक़ाबले को लेकर इतनी चर्चा हुई कि गोलीबारी और खून-खराबे की स्थिति पैदा हो गई.
गार्ड ने इस वजह से मारी गोली
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तान और भारत, एक-दूसरे से भिड़ने से पहले ही लाहौर शहर में एक भीषण घटना घटी. दरअसल, साद अहमद नामक एक यूट्यूबर ने 9 जून को न्यूयॉर्क में भारत बनाम पाकिस्तान मैच की तैयारी पर एक व्लॉग फिल्माने के लिए शहर के मोबाइल मार्केट का रुख किया था. जहां, इस मुक़ाबले के बारे में कई लोगों से बात करने के बाद, उसकी मुलाक़ात एक सुरक्षा गार्ड से हुई, जो वीडियो में दिखने में दिलचस्पी नहीं रखता था. बार-बार सवाल पूछे जाने पर सुरक्षा गार्ड ने अपना आपा खो दिया और आखिर में उसने यूट्यूबर को गोली मार दी.
परिवार का बुझ गया चिराग
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि साद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. साद के एक दोस्त ने पाकिस्तान के जियो टीवी को बताया कि कराची के मोबाइल मार्केट में वीडियो शूट करने के लिए जाने से पहले उसे यूट्यूबर का फोन आया था. दोस्त ने कहा कि साद अपने परिवार के लिए कमाने वाला एकलौता शख्स था. khattti.meethi.baateinn नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल ने भी साद की हत्या की खबर इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें उसका एक पुराना वीडियो शेयर किया गया. वीडियो के कैप्शन में आरोपी सुरक्षा गार्ड का बयान भी शामिल था.
गार्ड ने क्या कहा?
इंस्टाग्राम पोस्ट में गार्ड के हवाले से कहा गया, "वह लगातार माइक को मेरे चेहरे के पास लाकर फिल्म बना रहा था. मैं अपना आपा खो बैठा और उस पर गोली चला दी." जैसा कि सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है, यूट्यूबर को गोली लगने से पहले गार्ड से बातचीत करते देखा गया. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को स्थानीय पुलिस ने पकड़ लिया है.