)
Peshawar suicide attack: पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा आतंकवादी हमला हुआ है. सोमवार सुबह 8 बजे के करीब पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के सद्दार इलाके में दो जोरदार ब्लास्ट हुए, जिसके बाद फायरिंग भी हुई. ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आस-पास के घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए. इस हमले के बाद पुलिस बल और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है. सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच अभी भी गोलीबारी जारी है. इस घटना में अभी तक मारे जाने वाले लोगों की पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि अभी भी गोलीबारी जारी है.
दरअसल, यह हमला पेशावर के सद्दार इलाके में मौजूद फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी (FC) हेडक्वार्टर पर हुआ है. पेशावर के CCPO मियां सईद ने इस हमले की तस्दीक की है. उन्होंने लोकल मीडिया से बातचीत में जानकारी दी है कि फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के पास दो धमाके हुए हैं, जिसके बाद कुछ बंदूकधारियों ने ताबरतोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पेशावर के CCPO मियां सईद ने इस हमले को सुसाइड बॉम्बिंग बताया है. उन्होंने कहा कि हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और बंदूकधारियों और सुरक्षा बलों के बीच मुकाबला जारी है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा बलों ने सद्दार चौक की तरफ आने-जाने वाली रास्तों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है. हमले के बाद पूरे पाकिस्तान में दहशत का माहौल है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान के कई इलाकों में आतंकी हमले हुए हैं और हमलों में बढ़ोतरी भी तेजी से हो रही है. साथ ही सुसाइड बॉम्बिंग की संख्या बढ़ी है.
इससे पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जिला कोर्ट के पार्किंग इलाके में एक कार ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य लोग घायल हो गए. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला ताहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने किया था. गौरतलब है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकवादी पाकिस्तान में आए दिन हमला कर रहे हैं और वहां के सुरक्षा बलों, आम लोगों को निशाना बना रहे हैं.
मुस्लिम माइनॉरिटी और पाकिस्तान से जुड़ी खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam