)
Syria Ceasefire 2025: सीरिया में एक हफ्ते से चल रही घातक सांप्रदायिक हिंसा के बाद राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने शनिवार को "तत्काल सीजफायर" का ऐलान किया है. यह हिंसा खास तौर पर देश के दक्षिणी हिस्सों में व्यापक थी, जहां ड्रूज़ समुदाय और स्थानीय बेडौइन जनजातियों के बीच झड़पें हो रही थीं. इन झड़पों में अब तक सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं.
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अत्याचार करने और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. हिंसा इतनी भीषण हो गई कि शहरों की सड़कों पर खुलेआम गोलीबारी देखी गई. घरों और सार्वजनिक भवनों में आगजनी और लूटपाट की भी खबरें आईं.
राष्ट्रपति ने क्या कहा?
राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने अपने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, "हम जिस कठिन दौर से गुज़र रहे हैं, उसमें हमें आपसी सहयोग, एकजुटता और संयम की ज़रूरत है. देश को इस आग से निकालने के लिए हर नागरिक को ज़िम्मेदारी उठानी होगी." उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सभी पक्षों से बातचीत कर रही है ताकि शांति बहाल हो सके.
हालात अभी है तनावपूर्ण
वाजेह हो कि सीजफायर का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन ज़मीनी हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. कई अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक, शनिवार को विभिन्न इलाकों में गोलीबारी की आवाज़ें सुनी गईं और संघर्ष पूरी तरह से थमा नहीं है. ऐसे में, युद्धविराम की सफलता पर संदेह है.
इजरायल ने किया था हमला
इस पूरे संकट में एक नया मोड़ तब आया जब इस सप्ताह की शुरुआत में इज़राइल ने सीरिया में हस्तक्षेप किया और राजधानी दमिश्क में सीरियाई सेना और रक्षा मंत्रालय के ठिकानों पर हवाई हमले किए. इजरायली सरकार का दावा है कि यह हमला ड्रूज़ समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था. हालांकि, सीरियाई सरकार ने इसे अपनी संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है.