Israel Gaza Ceasefire Update: गज़ा और इजरायल के बीच सीजफायर का पहला चरण लागू है. इस बीच कतर सीजफायर के दूसरे चरण को लागू कराने की कोशिश कर रहा है. इस संबंध में कतर के विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने बीते 6 जनवरी को जानकारी दी. पूरी खबर जानने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Israel Gaza Ceasefire Update: इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम जारी है. इसके बावजूद इजरायल गज़ा पट्टी पर हमले करता रहता है. इस बीच कतर ने गाजा पट्टी में युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण को लागू कराने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिया है. कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और प्रधानमंत्री के सलाहकार डॉ. माजिद बिन मोहम्मद अल अंसारी ने साफ कहा है कि कतर मध्यस्थ देशों के साथ मिलकर लगातार बातचीत कर रहा है, ताकि समझौते का अगला चरण जल्द से जल्द पूरा हो सके.
दोहा में 6 जनवरी को आयोजित विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में डॉ. अल अंसारी ने बताया कि इस प्रक्रिया में कतर के साथ मिस्र, तुर्किये और अमेरिका जैसे अहम मध्यस्थ देश शामिल हैं. इन देशों के सहयोग से गाजा में युद्धविराम को आगे बढ़ाने, रफाह सीमा चौकी को फिर से खोलने और वहां फंसे लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने पर काम किया जा रहा है.
डॉ. अंसारी ने कहा कि समझौते के दूसरे चरण तक पहुंचने के लिए बातचीत अभी जारी है. कुछ मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन अब भी कुछ अहम बाधाएं हैं, जिन पर चर्चा चल रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि निरंतर प्रयासों से इन अड़चनों को दूर किया जा सकेगा.
उन्होंने यह भी दोहराया कि कतर शुरू से ही इस बात पर जोर देता आया है कि किसी भी संघर्ष में मानवीय सहायता को राजनीतिक दबाव या ब्लैकमेल के हथियार के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. उनका कहना था कि गाजा के लोगों तक मदद पहुंचाना एक मानवीय जिम्मेदारी है और इसे किसी भी शर्त से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्धविराम समझौते पर हमास और इजरायल की सहमति बनी, जिसके बाद 10 अक्टूबर 2025 को सीजफायर लागू हो गया. अभी सीजफायर का पहला चरण चल रहा है. कतर सीजफायर के दूसरे चरण को लागू कराने की कोशिश कर रहा है.