)
Rainfall News: पाकिस्तान में हालात संजीदा बने हुए हैं. दरअसल, देश के सबसे बड़े आबादी वाले पंजाब प्रांत में शनिवार को आए तेज तूफान और भारी बारिश ने कहर बरपाया है. प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग शहरों में आंधी, बिजली गिरने और ओले गिरने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई और 45 लोग घायल हुए हैं.
पाकिस्तान की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने एक दिन पहले ही पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा (KP) और इस्लामाबाद में तेज हवाओं, धूलभरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश की वॉर्निंग दी थी. शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को इस्लामाबाद समेत कई शहरों में भारी बारिश व ओलावृष्टि हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक कई जगहों पर जल भराव भी हो गयाय
PDMA ने बताया कि जिन इलाकों में जानमाल का नुकसान हुआ, उनमें रावलपिंडी (1 मौत), झेलम (3 मौतें), शेखूपुरा (1), ननकाना साहिब (1), सियालकोट (1) और मियांवाली (1) शामिल हैं. ये मौतें मुख्य तौर पर पुराने और कमजोर घरों के गिरने या असुरक्षित स्थानों पर रहने की वजह से हुई हैं.
लाहौर समेत कई शहरों में पुराने मिट्टी और ईंटों के घरों को नुकसान पहुंचा है. लाहौर में कई जगह पेड़ गिरने और सोलर पैनल टूटने की घटनाएं भी सामने आई हैं. कुछ हाईवे को अस्थाई तौर पर बंद भी करना पड़ा, क्योंकि तेज हवाओं की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई थी.
PDMA के महानिदेशक इरफान अली कथिया ने बताया कि सभी जिलों में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एक्टिव कर दिए गए हैं और कंट्रोल रूम 24 घंटे निगरानी कर रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खराब मौसम में घर से बाहर न निकलें और बिजली के खंभों और लटकते तारों से दूर रहें. बता दें, पाकिस्तान से साथ भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफान देखने को मिला है. मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.