)
Taliban Attack Pakistan: हाल ही में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में कई जगहों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए. इस हमले में सैकड़ों लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए. इस हमले के बाद अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का ऐलान किया और 24 घंटे के भीतर ही तालिबान ने पाकिस्तान पर हमले शुरू कर दिए. तालिबान लड़ाकों ने कई पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया. इस हमले में 58 से ज़्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. दोनों देशों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ गई है कि सऊदी अरब और कतर को हस्तक्षेप करना पड़ा है. दोनों देशों ने अफगानिस्तान से पाकिस्तान पर हमले बंद करने की अपील की है.
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी आज (12 अक्टूबर 2025) को कहा कि कतर और सऊदी अरब ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हुई सीमा पर गोलीबारी के बाद मध्यस्थता की है. दोनों देशों की अपील के बाद अफगानिस्तान ने अपनी तरफ से हमला रोक दिया है और अब स्थिति नियंत्रण में है. मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान चाहता है कि पाकिस्तान के साथ अच्छे रिश्ते बने रहें. उन्होंने बताया कि शनिवार रात हुई सैन्य कार्रवाई में अफगानिस्तान ने अपने लक्ष्य हासिल कर लिए और पूरी कोशिश की गई कि नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे.
‘हम चाहते हैं जीरो टेंशन’
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने आगे कहा, “लड़ाई पाकिस्तान के भीतर कई किलोमीटर दूर हो रही है, इसलिए उन्हें अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकियों को खुद नियंत्रित करना चाहिए. हमने 40 साल के संघर्ष के बाद अपने देश को सुरक्षित किया है, तो पाकिस्तान क्यों नहीं कर सकता?” उन्होंने कहा कि उनका देश ‘जीरो टेंशन’ यानी तनावमुक्त नीति चाहता है. लेकिन अगर पाकिस्तान बातचीत नहीं करना चाहता, तो अफगानिस्तान के पास हालात संभालने के और भी तरीके हैं.
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि पाकिस्तान टीटीपी आतंकियों के खात्मे के लिए एक अभियान चला रहा है. इस अभियान के तहत, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल समेत कई जगहों पर टीटीपी के ठिकानों पर हमले किए. इस हमले के बाद, पाकिस्तान ने 200 से ज़्यादा तालिबान और उससे जुड़े आतंकियों को मार गिराने का दावा किया. जवाब में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमला किया, जिसमें 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए.