)
Sudan News Today: सूडान में जारी संघर्ष के बीच एक बार फिर मानवीय मदद पर हमला हुआ है. विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने जानकारी दी कि उत्तर दारफुर (North Darfur) में अकाल प्रभावित इलाकों तक भोजन और जरूरी सामान ले जा रहे संयुक्त राष्ट्र (UN) के 16 ट्रकों के काफिले पर ड्रोन से हमला किया गया. इस हमले में तीन ट्रक आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गए. इस हमले में काफिले में शामिल सभी ड्राइवर और कर्मचारी सुरक्षित हैं.
WFP प्रमुख सिंडी मैक्केन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "हमारे ड्राइवर बच गए हैं, लेकिन जीवनरक्षक सामग्री से भरे तीन ट्रक नष्ट हो गए." WFP ने मांग की कि "ऐसे हमले तुरंत बंद होने चाहिए. लोगों तक सुरक्षित और लगातार मदद पहुंचना जरूरी है. जिससे जिंदगी की जंग लड़ रहे लोगों को बचाया जा सके."
यूएन की सहयोगी प्रवक्ता डेनिएला ग्रॉस ने शुरुआत में जानकारी दी थी कि सभी 16 ट्रक जलकर खाक हो गए हैं. लेकिन बाद में साफ हुआ कि हमले में सिर्फ तीन ट्रक पूरी तरह जलकर नष्ट हुए. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कौन था.
यह घटना पिछले तीन महीनों में दूसरी बार हुई है जब उत्तरी दारफुर के लिए भेजे गए राहत काफिले को निशाना बनाया गया. जून 2024 में भी डब्ल्यूएफपी और यूनिसेफ का एक काफिला वहां जाने से पहले हमले का शिकार हुआ था. उस समय पांच लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे.
गौरतलब है कि सूडान में पिछले दो सालों से हिंसा जारी है. इस हिंसा में अब तक 40 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं. जबकि करीब 1.3 करोड़ लोग घर से बेघर हो गए हैं. वहीं, 2.5 करोड़ लोग भूखमरी का सामना कर रहे हैं. यह लड़ाई सेना और अर्धसैनिक बल रेपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच है.
रेपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) और उसके सहयोगियों ने जून 2024 में दावा किया था कि उन्होंने दारफुर के ज्यादातर हिस्सों में अपनी समानांतर सरकार बना ली है. इस दौरान उन पर युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध करने के आरोप भी लग रहे हैं.