Sudan Conflict: सूडानी सेना की 6वीं इन्फैंट्री डिवीजन ने एक बयान जारी कर बताया कि हमले में RSF ने आत्मघाती ड्रोन और तोपखाने से गोले बरसाए. यह हमला शहर के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में हुआ.
Trending Photos
)
Sudan Conflict: सूडान के उत्तरी दारफुर राज्य की राजधानी एल-फशर में शुक्रवार को अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) द्वारा किए गए हमले में कम से कम 32 नागरिकों की मौत हो गई. मरने वालों में 4 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सूडानी सेना की 6वीं इन्फैंट्री डिवीजन ने एक बयान जारी कर बताया कि हमले में RSF ने आत्मघाती ड्रोन और तोपखाने से गोले बरसाए. यह हमला शहर के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में हुआ. स्थानीय रेजिस्टेंस कमेटियों के समन्वय समूह ने भी इस हमले की पुष्टि की है और नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों पर न निकलें क्योंकि अब भी ड्रोन हमले की आशंका बनी हुई है.
ज़मज़म डिस्प्लेसमेंट कैंप पर हुए हैं हमले
इसके अलावा, ज़मज़म डिस्प्लेसमेंट कैंप पर भी RSF द्वारा हमला किया गया है, हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हो सकी है. सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे RSF की हिंसा में खतरनाक बढ़ोतरी बताया है. उत्तरी दारफुर राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय के डायरेक्टर जनरल इब्राहिम खतीर ने ज़मज़म कैंप पर हमले की पुष्टि की है लेकिन कहा कि वहां से सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही है क्योंकि कैंप शहर से दूर है और संचार व्यवस्था भी बाधित है.
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि 10 मई 2024 से एल-फशर में RSF और सूडानी सेना के बीच भीषण लड़ाई जारी है। यह संघर्ष पिछले साल अप्रैल 2023 से सूडान में शुरू हुई भीतरी हिंसा का हिस्सा है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा उद्धृत आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इस संघर्ष में 29,683 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) का कहना है कि 1.5 करोड़ से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं.