)
Sudan News: दरफूर के शहर एल-फाशर से मिली नई सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के शहर पर कब्जे के बाद बड़े पैमाने पर सामूहिक कब्रें बनाई जा रही हैं. येल स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के ह्यूमैनिटेरियन रिसर्च लैब के विश्लेषकों ने कोलोराडो स्थित इमेजिंग कंपनी वैन्टर की तस्वीरों की जांच की, जिसमें दो प्रमुख संदिग्ध कब्र स्थलों का पता चला. एक सऊदी अस्पताल के उत्तर में मस्जिद के पास और दूसरा पूर्व बाल अस्पताल के पास, जिसे कथित तौर पर RSF ने जेल में बदल दिया है.
शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि मौतों की असली संख्या बताना मुश्किल है क्योंकि दफनाने वाले अक्सर एक ही कब्र में कई लाशें रख देते हैं. एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने इंडीपेंडेंटली इन तस्वीरों का रिव्यू किया है और दोनों स्थानों पर हाल ही में मिट्टी की खुदाई के संकेतों की तस्दीक की है.
RSF के कब्जे के तुरंत बाद ली गई तस्वीरों मेंसऊदी अस्पताल और बाल अस्पताल के पास सफेद आकृतियाँ दिखाई दीं, जिन्हें शव माना जा रहा है. इनके आसपास खून के निशान भी थे. गवाहों के बयानों, ऑनलाइन वीडियो और जमीनी रिपोर्टों में शहर के कब्जे के बाद बड़े पैमाने पर हत्याओं का जिक्र है. RSF ने अस्पताल में हुई मौतों की जिम्मेदारी से इनकार किया है.
अक्टूबर के आखिर में प्लैनेट लैब्स की अतिरिक्त तस्वीरों में एल-फाशर के उत्तरी इलाके में समान सफेद आकृतियां और जले हुए वाहन दिखाई दिए थे. येल लैब के विश्लेषण से पता चलता है कि बाद में कई लाशें हटा दी गईं, जिससे सबूत छिपाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
बता दें, युद्ध ने 1.4 करोड़ से अधिक सूडानी नागरिकों को विस्थापित कर दिया है. देश के दो इलाके पहले से ही भुखमरी की कगार पर हैं. विश्व खाद्य कार्यक्रम के आपातकालीन प्रतिक्रिया निदेशक रॉस स्मिथ ने कहा कि नागरिकों में कुपोषण और मृत्यु दर तेजी से बढ़ रहा है क्योंकि लोग खाने और स्वास्थ्य सेवाओं तक नहीं पहुंच पा रहे हैं.