)
Taliban Foreign Minister Visit Darul Uloom: तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी छह दिन के भारत दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर और दूसरे सीनियर नेताओं से मुलाकात करेंगे. अपने दौरे के दौरान मुत्तकी दारुल उलूम देवबंद मदरसा और ताजमहल का भी दौरा करेंगे. ताजमल तो समझ आता है, क्योंकि वह सात अजूबों में से एक है. लेकिन, आखिर वह देवबंद क्यों जा रहे हैं. आइये जानते हैं पूरी डिटेल
यह भारत आने वाले तालिबान के किसी वरिष्ठ अधिकारी की पहली यात्रा है. मुत्तकी रूस में आयोजित 'मॉस्को फॉर्मेट मीटिंग' में तालिबान का प्रतिनिधित्व करने के बाद गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे. यह दौरा भारत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि भारत तालिबान के साथ कार्य संबंध (working relationship) स्थापित करना चाहता है.
अगस्त 2021 में अशरफ गनी सरकार के पतन के बाद तालिबान ने काबुल पर कब्जा कर लिया था. हालांकि, भारत और दुनिया के अन्य देश अभी तक तालिबान सरकार को औपचारिक मान्यता नहीं दे रहे हैं.
मुत्तकी की यात्रा का कोई आधिकारिक ऐलान भारत की तरफ से नहीं किया गया है, न ही तालिबान की ओर से इसकी जानकारी दी गई है. लेकिन सूत्रों के अनुसार, मुत्तकी पांच मेंबर्स के डिलगेशन के साथ नई दिल्ली आएंगे. इस डेलिगेशन में उद्योग और वाणिज्य उपमंत्री अहमदुल्लाह जाहिद, विदेश मंत्रालय के प्रथम राजनीतिक प्रभाग के महानिदेशक नूर अहमद नूर (जो दक्षिण एशिया मामलों को देखते हैं) और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जिया अहमद ताकल शामिल हैं.
यह मुत्तकी और जयशंकर की पहली आमने-सामने मुलाकात होगीय इससे पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हो चुकी है. इस बैठक में भारत और अफगानिस्तान के बीच संबंधों की समीक्षा की जाएगी. साथ ही सुरक्षा मुद्दों और आतंकवाद से निपटने में सहयोग पर भी चर्चा होगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, मुत्तकी 11 अक्टूबर को दारुल उलूम देवबंद मदरसा जाएंगे. तालिबान के कई नेता इस मदरसे को बहुत सम्मान से देखते हैं. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मौजूद दारुल उलूम हक्कानिया मदरसा की स्थापना देवबंद मदरसे की तर्ज पर की गई थी.
तालिबान के कई सीनियर कमांडर और नेता इसी हक्कानिया मदरसे में पढ़े हैं. इसके संस्थापक मौलाना अब्दुल हक ने भारत विभाजन से पहले यानी 1947 में देवबंद मदरसे में पढ़ाई और शिक्षण दोनों किया था. उनके बेटे समी उल हक* को Father of the Taliban कहा जाता है.