)
Afghanistan Warns Pakistan: पाकिस्तानी सेना ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे अफगानिस्तान पर एक बार फिर खौफनाक बमबारी की. इस बमबारी में 10 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 9 बच्चे और 1 महिला शामिल हैं. अफगानिस्तान में तालिबान शासन के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान का इस्लामिक अमीरात अपने हवाई और जमीनी सीमाओं की रक्षा को अपना जायज धार्मिक अधिकार मानता है.
तालिबान शासन के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले को अफगानिस्तानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करार दिया है. उन्होंने कहा कि ये हमले न सिर्फ अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन है बल्कि, अंतरराष्ट्रीय कानूनों और सिद्धांतों का भी खुला उल्लंघन है. उन्होंने पाकिस्तान को साफ तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि अफगानिस्तान सही समय पर सही जवाब देगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने 24 नवंबर की रात करीब 12 बजे अफगानिस्तान के खोस्त और कुनार प्रांतों में हवाई हमले किए. खोस्त प्रांत के गर्बुज जिले के मुगलगाई इलाके में एक स्थानीय नागरिक वलियात खान के घर पर बम गिराया गया, जिसमें नौ बच्चे (पांच लड़के और चार लड़कियां) और एक महिला की मौत हो गई. हमला इतना भीषण था कि वह घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया. वहीं, अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका में हुए हमलों में चार अन्य नागरिक घायल हुए.
तालिबान शासन के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ऐसी कार्रवाइयों से कोई सफलता हासिल नहीं कर सकती. उन्होंने पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले को गलत खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई करार दिया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाइयां स्थिति को और जटिल बनाती हैं, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान के सैन्य शासन की नाकामी और बेइज्जती ही सामने आती है.