Eid Milad-un-Nabi 2025: UAE सरकार ने पैगंबर मोहम्मद (PBUH) के जन्मदिन पर 5 सितंबर को प्राइवेट सेक्टर को भी छुट्टी देने का ऐलान किया है. इससे सरकारी और निजी दोनों कर्मचारियों को तीन दिन का लंबा वीकेंड मिलेगा. हालांकि, इस बार सऊदी और UAE में तारीख अलग-अलग रहेगी.
Trending Photos
)
Eid Milad-un-Nabi in UAE: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने और काम करने वाले कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. आखिरी नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम (PBUH) के जन्मदिन के मौके पर सरकार ने प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए भी शुक्रवार (5 सितंबर) को ऑफिशियल छुट्टी का ऐलान किया है. इस फैसले से ज्यादातर कर्मचारियों को तीन दिन का लंबा वीकेंड मिल जाएगा, क्योंकि शुक्रवार की छुट्टी के बाद शनिवार और इतवार को रेगुलर वीक आफ भी होगा.
यह दिन इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक 12 रबी अल-अव्वल को आता है, जिसे दुनियाभर के मुसलमान पूरे अकीदत और ऐहतराम के साथ मनाते हैं. इससे पहले UAE सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए भी 5 सितंबर को ही छुट्टी का ऐलान किया था. ऐसे में सरकारी और प्राइवेट सेक्टर दोनों कर्मचारियों को अब एक साथ लंबे वीकेंड का फायदा मिलेगा.
हालांकि, शारजाह के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह सामान्य वीकेंड ही रहेगा, क्योंकि वहां पहले से ही शुक्रवार की छुट्टी होती है. यह छुट्टी का ऐलान उस समय हुआ जब शनिवार (23 अगस्त) को रबी अल-अव्वल का चांद नजर नहीं आया था. UAE के एस्ट्रॉनोमी सेंटर ने जानकारी दी थी कि सफर का महीना 30 दिन का होगा और रबी अल-अव्वल की शुरुआत सोमवार (25 अगस्त) से होगी. इससे यह साफ हो गया कि इस साल 12 रबी अल-अव्वल यानी पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम (PBUH) का जन्मदिन 5 सितंबर को पड़ेगा.
इस बार की खास बात यह है कि UAE और सऊदी अरब में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम (PBUH) का जन्मदिन अलग-अलग दिन मनाया जाएगा. ऐसा इसलिए क्योंकि सऊदी अरब में चांद एक दिन पहले दिखाई दिया था. दरअसल, इस्लामिक कैलेंडर पूरी तरह से चांद की स्थिति पर आधारित होता है. हर महीने की शुरुआत चांद दिखने के बाद ही मानी जाती है. इसकी वजह से कई बार अलग-अलग देशों में इस्लामिक तारीखों में फर्क हो जाता है.
गौरतलब है कि UAE में हिजरी कैलेंडर को मान्यता दी जाती है और हर महीने की 29वीं तारीख को चांद देखनी वाली समिति बैठक करती है. इसी बैठक में तय किया जाता है कि नया महीना कब शुरू होगा. इस बार की घोषणा से UAE के लाखों कर्मचारियों को राहत मिली है, क्योंकि त्योहार की खुशी के साथ उन्हें परिवार और दोस्तों के साथ लंबा वक्त बिताने का मौका मिलेगा.
ये भी पढ़ें: किसके परमिशन से पढ़ रहे मस्जिद में नमाज़; पीलीभीत में मुस्लिम मोहल्ले में नमाज़ और अज़ान पर विवाद