)
Hania Amir became youth icon of UN Women: युनाइटेड नेशन्स की संस्था यूएन वीमेन पाकिस्तान ने मशहूर पाकिस्तानी अभिनेत्री और यूथ आइकन हुनिया आमिर (Hania Aamir) को अपना नया नेशनल गुडविल एम्बेसडर नियुक्त किया है. यूएन के इस फैसले से हानिया आमिर के फैंस काफी नजर आ रहे हैं.
यह ऐलान पाकिस्तान में जेंडर इक्वालिटी और महिलाओं के सशक्तिकरण (Women Empowerment) को बढ़ावा देने के संगठन की लगातार कोशिशों में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रहा है. हनिया आमिर अपने मंच का इस्तेमाल महिलाओं और लड़कियों की आवाज उठाने, जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करेंगी.
यूएन वीमेन पाकिस्तान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि साथ मिलकर हम उस मुस्तकबिल की ओर काम करेंगे, जहां हर महिला और लड़की हिंसा, भेदभाव और असमानता से मुक्त होकर अपनी पूरी क्षमता हासिल कर सके. बता दें, हनिया आमिर पाकिस्तान की मनोरंजन दुनिया की सबसे लोकप्रिय हस्तियों में से एक हैं. युवा दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता और जुड़ाव ने उन्हें देश की यूथ आइकन के रूप में स्थापित किया है.
यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब हनिया की अंतरराष्ट्रीय पहचान तेजी से बढ़ रही है. हाल ही में उन्होंने भारतीय पंजाबी फिल्म 'सरदार जी 3' में एक्ट किया था, जो उनकी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पहली फिल्म थी. इस फिल्म की सीमा पार कामयाबी ने उन्हें भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के दर्शकों के बीच एक कल्चरल ब्रिज के तौर पर पहचान दिलाई थी. हालांकि फिल्म की काफी मजम्मत भी हुई थी.
हनिया आमिर की नियुक्ति के ज़रिए यूएन वीमेन पाकिस्तान का मकसद युवाओं को और अधिक जोड़ना तथा महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और लैंगिक हिंसा के खिलाफ़ अभियानों को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है. संगठन का मानना है कि हनिया की व्यापक पहुँच और लोकप्रियता इन अभियानों को समाज के हर वर्ग तक ले जाने में मदद करेगी.