)
Uttarakhand News: उत्तराखंड के काशीपुर के अली खान में बीते रविवार को I Love Muhammad के पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और मुस्लिम समुदाय के बीच झड़प हो गई. इस झड़प के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के तीन लोगों पर नामजद और 500 लोगों को अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अब हिंसा के बहाने पुलिस पुराने मामले को खंगाल रही है और अतिक्रमण आदि के मामले में बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है.
रविवार को हुई हिंसा के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. अलीखां मोहल्ले के किला चौक और विजयनगर नई बस्ती में पुलिस का कड़ा पहरा है. प्रशासन ने BNS की धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है. साथ ही हथियारों पर प्रतिबंध लगाया गया है और लोगों की आवाजाही पूरी तरह से सीमित कर दी गई है.
हिंसा के बाद अली खान गांव में जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात हैं और उपद्रवियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और वायरल वीडियो खंगाले जा रहे हैं. इतना ही नहीं इस हिंसा के बाद अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है. अली खान मोहल्ले में काशीपुर बिजाली विभाग, काशीपुर प्रदूषण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. यहां अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल करने के इल्जाम में 17 घरों से बिजली का कनेक्शन काटा गया है और 11 लोगों पर FIR दर्ज की गई है.
इसके साथ ही काशीपुर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए अली खान मोहल्ले में सरकारी जमीन कब्जा करने के इल्जाम में 35 से 40 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई. पुलिस और प्रशासन बिजली चोरी से लेकर राशन कार्ड की गड़बड़ी तक कई मामलों में दबिश दे रहे हैं. SSP मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर शहर को शांत रखने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है. किला चौक और अली खान इलाके में व्यापार भी प्रभावित हुआ है.