Yemen Attack News: यमन ने इजराइल पर हाइपरसोनिक मिसाइल से हमला किया है. यह हमला उस वक्त हुआ है जब 30 हजार लोग स्टेडियम में फुटबॉल मैच देख रहे थे; इसी दौरान साइरन बजने लगे और लोगों को महफूज किया गया.
Trending Photos
)
Yemen Attack News: यमन के हूति विद्रोही ग्रुप ने इज़राइल के सेंटर में मौजूद बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एक नई ‘हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल’ से हमला करने का दावा किया है. हूति ग्रुप के सैन्य प्रवक्ता यह्या सरीअ ने यह जानकारी अल-मसीरा टीवी पर दी है.
सरीअ ने कहा,"हमने बेन गुरियन एयरपोर्ट को निशाना बनाते हुए एक मिलिट्री ऑपरेशन चलाया, जिसमें हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया." उन्होंने यह भी कहा कि जब तक गाजा पर इज़राइली हमले नहीं रुकते और नाकाबंदी खत्म नहीं होती, तब तक उनके हमले जारी रहेंगे.
इज़राइली सेना ने इस दावे की पुष्टि करते हुए कहा कि यमन से दागी गई मिसाइल को उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने रास्ते में ही तबाह कर दिया. चीन की शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक, मिसाइल हमले के बाद पूरे मध्य इज़राइल में एयर रेड सायरन बजा दिए गए, जिसमें तेल अवीव और कब्जे वाले वेस्ट बैंक की कई बस्तियां भी शामिल थीं.
यह साइरन उस वक्त बजे जब लगभग 30,000 दर्शक सातेल अवीव के ब्लूमफील्ड स्टेडियम में स्टेट कप फाइनल फुटबॉल मैच देख रहे थे. इजराइल की इमरजेंसी सर्विस ‘मगन डेविड एडोम’ का कहना है कि इस हमले में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
हूति विद्रोहियों ने इजराइल को नवंबर 2023 से निशाना बनाना शुरू किया है. उनका कहना है कि वह गाजा में इज़राइली कार्रवाई के विरोध में हैं और फिलीस्तीनियों के समर्थन में खड़े हैं. गाजा में पिछले 19 महीनों से चल रहे इज़राइली हमलों में अब तक 54,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
इन हमलों के जवाब में इज़राइल ने भी यमन पर कई हवाई हमले किए हैं. मई की शुरुआत में सना एयरपोर्ट पर किए गए एक हमले में रनवे, एयरपोर्ट की सुविधाएं और वहां खड़ा पैसेंजर विमान भी तबाह हो गया था. इस हमले में कई लोगों की मौत भी हुई थी.