)
दीप चंद्र जोशी/मुरादाबाद: अपनी जान खतरे में डालकर कोरोना मुश्तबा की जांच करने पहुंचे कोरना वॉरियर्स पर पत्थर फेंकने की घटना ने पूरी इंसानियत को शर्मसार कर दिया था.यूपी के मुरादाबाद जिले में बीते 15 अप्रैल को सेहत महकमे और पुलिस की टीम पर पत्थरबाजी के मामले में दो और मुल्ज़िमीन को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए मुल़्ज़िमीन की पहचान निसार और सलीम के रूप में हुई है. दोनों ही मुल्ज़िम सेहत महकमा और पुलिस टीम पर पथराव करने वालों में शामिल थे.
इस मामले में पुलिस अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. मुरादाबाद पुलिस ने घटना की वीडियो फुटेज में शिनाख्त के बाद इन दोनों को पकड़ा है. इससे पहले पकड़े गए 18 लोगों को 14 दिन की ज्युडिशयली कस्टडी में जेल भेज दिया गया था.पत्थरबाजी में डॉक्टर सुधीर चंद्र अग्रवाल बुरी तरह चोटिल हो गए थे. वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं.
आपको बता दें कि बीते 15 अप्रैल को यूपी के मुरादाबाद जिले के नागफनी थाना इलाके में पड़ने वाले नवाबपुरा मौजूद हाजी नेब मस्जिद चौराहे के पास सेहत महकमा और पुलिस की टीम पर मकामी लोगों ने पथराव कर दिया था. सेहत महकमा और पुलिस की टीम यहां एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के परिवार वालों को क्वॉरंटीन और उसके घर को सील करने गई थी.
मुरादाबाद के थाना नागफनी इलाके के नवाबपुरा में हाजी नेब मस्जिद के पास रहने वाले एक कोरोना मुतास्सिर शख्स की 13 अप्रैल को मौत हुई थी. इससे पहले उस शख्स के बड़े भाई की 5 अप्रैल को मुश्तबा हालात में मौत हो गई थी. उसकी कोरोना जांच नहीं हुई थी. दोनों कुछ दिन पहले चेन्नई से लौटे आए थे. 15 अप्रैल को डॉक्टर सुधीश चंद्र अग्रवाल की कयादत में सेहत महकमे की टीम मरने वालों के परिवार वालों को क्वारंटीन कराने के लिए नवाबपुरा गई थी.
पुलिस ने घटना की सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर 200 नामालूम और 21 नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था. इसमें अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. एसपी सिटी अमित आनंद ने कहा कि घटना के अन्य मुल्ज़िमीन को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Watch Zee Salaam Live TV