)
प्रेमेंद्र कुमार/एटा: इस वक्त जब मुल्क संजीदा माहौल से गुज़र रहा है. इसी बीच यूपी के एटा से एक दिल दहलाने वाली ख़बर सामने आई. एक रिटायर्ड सेहत कर्मचारी के घर से 2 बच्चों समेत कुल 5 लोगों के शव बरामद हुए हैं. इन लोगों की मुश्तबा हालात में मौत हो गई थी.इस ख़बर के बाद पूरे मोहल्ले में ख़ौफ का माहौल है. हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर 5 लोगों की एक साथ मौत कैसे हुई.
यह घटना एटा थाना कोतवाली नगर के श्रृंगार नगर कॉलोनी की है. घटना का उस वक्त पता चला जब दूध वाला हमेंशा की तरह उनके घर पहुंचा और बहुत देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला. जिसके बाद दूधवाले ने घर में झांककर देखा तो अंदर लाश पड़ी हुई थीं. दूध वाले और पड़ोसियों ने इसकी ख़बर पुलिस को दी. मरने वालों में 78 साला राजेश्वर प्रसाद पचौरी, उनकी बहू 35 साला दिव्या पचौरी, दिव्या की 24 साला बहन बुलबुल, दिव्या के दोनों बेटे 10 साला आरुष और 1 साला आरव शामिल हैं.
स्वर्गीय राजेश्वर प्रसाद पचौरी के बेटे दिवाकर उत्तराखंड के रुड़की में एक दवा कंपनी में काम करते हैं. वो घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे. फॉरेंसिक टीम और पुलिस की डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचकर छानबीन की और सबूत इकट्ठा किए. एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता लग सकेगा. फिलहाल यह आत्महत्या है या हत्या अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है. उन्होंने बताया कि मृतक साबिक सेहत अधिकारी के बेटे को घटना की खबर दे दी गई है.
Watch Zee Salaam Live TV