)
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने लॉकडाउन व कोविड-19 की हिदायात की खिलाफवर्ज़ी करने के मामले में लबलीगी जमात से जुड़े 51 लोगों को अदालत में पेश किया. इनमें जमात से जुड़े गैर मुल्की और हिंदुस्तानी दोनों शहरी शामिल हैं. अदालत में पेश करने के बाद इन सभी मुल्ज़िमीन को जेल भेज दिया गया.
दरअसल, भोपाल के तीन थाना इलाकों में पुलिस ने कोविड-19 के हिदायात की खिलाफ वर्ज़ी के मामले में लगभग एक महीने पहले तबलीगी जमात से जुड़े इन लोगों को गिरफ्तार किया था. ये सभी लोग दिल्ली के निज़ामुद्दीन मरकज़ शामिल होकर लौटे थे लेकिन इस बात की जानकारी इन्होंने मकामी इंतेज़ामिया को नहीं दी थी.
भोपाल के डीआईजी इरशाद वली ने बताया कि जब इन लोगों के मेडिकल टेस्ट कराए गए तो इसमें से कुछ कोरोना पॉजिटिव मिले थे. जो लोग पॉजिटिव मिले थे उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया था. बाकी लोगों को क्वॉरंटीन सेंटर्स में रखा गया था. क्वॉरंटीन पीरियड पूरा करने के बाद इन लोगों को अदालत में पेश किया गया.
अदालत ने इन जमातियों की ज़मानत नामंजूर करते हुए सभी को जेल भेज दिया. अदालत ने गैर मुल्की मुल्ज़िमीन के पासपोर्ट भी ज़ब्त कर लिए हैं. जेल भेजे गए मुल्ज़िमीन में हिंदुस्तान के अलावा इंडोनेशिया, म्यांमार, किर्गिस्तान, कनाडा, लंदन और इंग्लैंड के जमाती शामिल हैं.
Zee Salaam Live TV